रामपुर/ उत्तर प्रदेश. समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और सांसद आज़म खान को आखिरकार जेल जाना ही पड़ा. एक लंबे समय तक कोर्ट के आदेश की अनदेखी कर जमानत की कोशिश में फ़रार चल रहे नेता को परिवार सहित उसी जेल में कैदी बनकर जाना पड़ा जहां कभी निरीक्षण के लिए जाते थे.
आज़म खान की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय ने मुनादी तक करवाई थी, आज वीरवार को होने वाली कुर्की की कार्रवाई से पहले ही आज़म ने पत्नी तंज़ीम फ़ातिमा और बेटे अब्दुल्ला के साथ बुधवार को समर्पण कर दिया.
दरअसल, सपा सांसद पर जौहर विश्वविद्यालय में जमीन कब्जाने और फर्जी दस्तावेज सहित कई मामले थे. लगभग सभी मे जमानत लेने में वह कामयाब भी हो गए थे लेकिन उनके अपने ही बेटे का मामला उनपर भारी पड़ गया. बेटे के फ़र्ज़ी जन्म प्रमाण पत्र के मामले में आज़म खान को जमानत नही मिली और परिवार के साथ जेल जाना पड़ा.
बच जाते लेकिन बेटे के मामले में उलझ गए
भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक आकाश सक्सेना ने आज़म खान के बेटे अब्दुल्ला आजम खां के जन्म के दो प्रमाणपत्र और फर्जी पासपोर्ट होने के मामले में मामला दर्ज करवाया था. अप्रैल में पुलिस ने मामले में चार्जशीट दाखिल की थी जिसकी सुनवाई एडीजे-6 कोर्ट में जारी है. सुनवाई के दौरान लगातार तीनों गैरहाजिर रहे जिसके बाद कोर्ट ने तीनों के खिलाफ पहले समन, फिर जमानती वारंट और बाद में गैरजमानती वारंट जारी करने के आदेश दिये थे.
कानून व्यवस्था ठीक रखने के लिए आज़म को बरेली जेल भेजने का अनुरोध
रामपुर के एसपी ने न्यायालय से आज़म खान, उनके बेटे और पत्नी को बरेली जेल में शिफ्ट करने की अपील की है. एसपी ने कानून व्यवस्था को खतरा बताते हुए यह मांग की है.

Add Comment