सहारनपुर/उत्तर प्रदेश. सोमवार को सुबह ग्रामीणों की जागरूकता और पुलिस की सक्रियता के चलते बड़ी घटना होते होते रह गयी. कुछ बदमाशों ने स्कूल जा रही नाबालिग छात्रा का अपहरण करने की कोशिश की जिसे स्थानीय पुलिस ने नाकाम कर दिया. पुलिस ने महज़ आधे घंटे में ही बदमाशों को पकड़ कर उन्हें सही जगह पहुंचा दिया और छात्रा को छुड़ा लिया.
दरसअल, सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे नांगल थाना क्षेत्र निवासी एक 15 वर्षीय कक्षा नौ की छात्रा साइकिल से स्कूल जा रही थी, जैसे ही वह मीरपुर रेलवे क्रासिंग के निकट पहुंची, तभी पीछे से एक लाल कार सवार बदमाशों ने उसके निकट जाते ही अपनी कार रोक ली और छात्रा को जबरन कार में डाल फरार हो गए. कार के पीछे आ रहे कुछ लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी. हाइवे पर गश्त कर रही पुलिस को दूर से ही लाल कार आती दिखाई दी तो उन्होंने कार को घेरकर रोक लिया, पुलिस नें कार से जैसे ही दो बदमाशों व छात्रा को उतारा, कार चालक तुरंत कार लेकर मौके से फरार हो गया.
बदमाशों के पकड़े जाने की सूचना पर सैकड़ों ग्रामीण थाने पहुंच गए और बदमाशों को उनके सुपुर्द कर किए जाने की मांग करने लगे, जिस पर थाना पुलिस नें उन्हें बमुश्किल समझा कर शांत किया. पुलिस ने पूछताछ में उनकी पहचान नांगल कस्बे के निवासी तौफीक व सलमान के रूप में हुई. फरार बदमाश फरमान भी नांगल कस्बे का ही है.
थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर पर आईपीसी की धारा 363 व 354 तथा पोक्सो की 16/17 में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और फरार बदमाश को पकड़ने के लिये टीमों का गठन कर दिया गया है. जल्द ही फरार बदमाश को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Add Comment