नई दिल्ली. दुनिया भर में तबाही मचा चुके करोना वायरस का इलाज गाय के गोबर और गोमूत्र से संभव है. यह जानकारी दावे के साथ असम में बीजेपी की विधायक सुमन हरिप्रिया ने राज्य विधानसभा में बजट सत्र के पहले दिन कही है. उन्होंने मवेशियों की बांग्लादेश तस्करी के मामले पर चर्चा के दौरान कहा हम सबको पता है कि गाय के गोबर के कितने फायदे हैं. इसी तरह गोमूत्र का छिड़काव इलाके को शुद्ध करने के लिए किया जाता है. मेरा मानना है कि इसी तरह गोमूत्र और गोबर से कोरोना वायरस भी ठीक हो सकता है. उन्होंने दावा किया कि गोमूत्र और गोबर से कैंसर जैसी घातक बीमारियां भी ठीक हो जाती हैं. विधायक ने गोमूत्र और गोबर के साथ हवन को भी करने की सलाह दी. उन्होंने भारत सरकार और चाइना की सरकार को हवन कराने की सलाह देते हुए कहा कि कोरोना वायरस हवा में फैलने वाली बीमारी है यदि हवन कराया जाता है तो हवन के प्रभाव से 5 किलोमीटर के रेडियस तक वायरस मुक्त हो जाता है.उन्होंने दावा किया की यदि चीन के लोग हवन करें तो यह वायरस पूरी तरह से खत्म हो जाएगा.
बता दें कि पूरी दुनिया में इस समय इस वायरस का इतना खौफ है कि इसके इलाज को लेकर लगातार रिसर्च चल रहे हैं. पूरी दुनिया के करीब 88000 लोग इसकी चपेट में है. सबसे अधिक चीन में तकरीबन 3000 लोगों की इससे मृत्यु हो गई है. हाल ही में डब्ल्यूएचओ ने इस वायरस का नाम बदलकर कोविड-19 कर दिया है. भारत में भी दो मामले सामने आए हैं.ऐसे में विधायक सुमन हरिप्रिया का दावा आश्चर्यजनक माना जा रहा है.

Add Comment