Sumesh anand jha
मुजफ्फरपुर/बिहार. एक नेता जी ने अपने ही बेटे को शराब पीने के कारण जेल में भिजवा दिया. बिहार में शराबबंदी के बीच नेताजी के बेटे को शराब मिलना भी चर्चा में हैं. दरअसल जेडीयू नेता गणेश पटेल अपने बेटे की शराब पीने की हरकत से काफी परेशान थे. पूरा परिवार शराबी बेटे से तंग रहता था. बहुत बार समझाने के बाद भी जब शराबी बेटा कब्जे में नहीं आया तो नेता जी ने खुद पुलिस को फोन कर अपने बेटे को जेल भिजवा दिया. मुजफ्फरपुर के जेडीयू नेता गणेश पटेल ने बताया कि शराबबंदी के बाद भी उनका बेटा रोज नशा करता था. कई बार समझाने के बाद भी उसने उनकी बात नहीं मानी. अक्सर रात को शराब पीने के बाद बेटा गाली गलौज और मारपीट करता था.पहले पुत्र मोह में वह कोई निर्णय नही ले सके लेकिन बाद में उन्होंने साहस किया और बेटे के खिलाफ कार्रवाई करवाई.
ऐसे में सवाल यह भी उठ रहा है कि गणेश पटेल के बेटे पिंकू के पास शराब आखिर कहां से आती थी. बिहार में शराबबंदी के बाद भी अक्सर शराब पीने के कारण होने वाली घटनाएं चर्चा में रहती हैं. अब थानाध्यक्ष ब्रहमपुरी विश्वनाथ राम यह जानने की कोशिश में लगे हैं कि आखिर पिंकू के पीछे कौन सा गिरोह काम कर रहा है, जो बिहार में शराब को उपलब्ध करा रहा है. गणेश पटेल का बेटा पिंकू अपराधिक वारदातों में भी शामिल रहा है जिसके कोर्ट से वारंट भी हुए हैं. मुजफ्फरपुर के जनता दल यूनाइटेड के नेता गणेश पटेल अपनी इस कार्यवाही के लिए चर्चा में हैं और अब उनकी मिसाल भी दी जा रही है.

Add Comment