देहरादून/उत्तराखंड. उत्तराखंड में मजाक में ही सही लेकिन जबानी तीर बड़े गहरे घाव कर रहे हैं. उत्तराखंड में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और वर्तमान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की जुबानी लड़ाई सोशल मीडिया पर खूब दिखाई दे रही है. दोनों नेता एक दूसरे को खूब ताने मार रहे हैं. जहां त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हरीश रावत को रिटायर करार दिया वहीं हरीश रावत ने त्रिवेंद्र रावत को ‘कालिया कल तेरी बारी भी आएगी’ कहकर जवाबी कार्यवाही कर दी.
दरअसल, यह मामला तब से शुरू हुआ है जब एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने उत्तराखंड की जनता को आश्वासन दिया कि, यदि वह सत्ता में दोबारा आए तो हर उत्तराखंडी को ढाई सौ यूनिट बिजली फ्री में देंगे. इस पर उत्तराखंड के वर्तमान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हरीश रावत को रिटायर करार दे दिया. उन्होंने कहा, “हरीश रावत अब रिटायर हो गए हैं.” सियासी मजमा के शानदार अदाकार पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मजाक मजाक में अपनी फेसबुक अकाउंट से त्रिवेंद्र रावत को जवाब दे दिया. हरदा ने लिखा, “मुख्यमंत्री कहते हैं हरीश रावत रिटायर्ड हैं, उनको मेरा यह कहना अच्छा नहीं लगा कि हम ढाई सौ यूनिट तक बिजली आम उत्तराखंडी को मुफ्त में देंगे. उन्होंने त्रिवेंद्र रावत को आगे लिखा कि वह रिटायर जरूर है लेकिन टायर्ड नहीं है.
इसके साथ ही उन्होंने सधे हुए अंदाज में एक शेर भी त्रिवेंद्र रावत के लिए लिख दिया. उन्होंने लिखा, “यह बुतो अच्छा नहीं है किसी का दिल तोड़ना, कौन पूछेगा तुम्हें हुस्न के ढल जाने के बाद.” उन्होंने वर्तमान मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए कहा, “हुस्न के ढल जाने के बाद भी वह सड़क पर निकलेंगे तो दो-चार सिटी जरूर बजा देंगे, लेकिन कालिया कल अपना भी सोच क्या होगा? बुरा न मानो होली है.”
हरदा ने बातों-बातों में त्रिवेंद्र सिंह रावत को यह बता दिया की सत्ता से हटने के बाद भी वह लोगों के बीच हैं लेकिन जब त्रिवेंद्र सत्ता से हटेंगे तो उनके साथ कितने लोग खड़े रहेंगे.

Add Comment