यदि आप 2000 का नोट एटीएम से निकालने या एचडीएफसी के ऐप के जरिए लेनदेन या लॉटरी पर लगने वाली जीएसटी में रुचि रखते हैं तो यह खबर आपके काम की हो सकती है. यह खबर वैसे तो प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से सभी को प्रभावित करने वाली है. कारण 1 मार्च से यानी कल से कई नियम बदलने जा रहे हैं. यह नियम आपके बैंक खाते से लेकर आपके वाहन तक को प्रभावित करने जा रहे हैं. ऐसे में जान लेना जरूरी है कि कौन सा नियम बदल रहा है और उसका क्या प्रभाव पढ़ने वाला है. ये हैं कुछ नियम जो कल से बदल जाएंगे…
स्टेट बैंक के बदलेंगें नियम
अगर आपका खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में है और आपने उसकी केवाईसी पूरी नहीं की है तो आप अपने अकाउंट से पैसे नहीं निकाल पाएंगे. इस बारे में बैंक ने अपने ग्राहकों से 28 फरवरी तक केवाईसी पूरा करवाने के लिए कहा था. केवाईसी पूरा न करने वाले ग्राहकों का खाता ब्लॉक करने की चेतावनी भी बैंक ने जारी की थी.
हाइवे पर फास्टैग पेड़ होगा
सरकार फास्टैग की मुफ़्त सुविधा को आज रात 12:00 बजे समाप्त कर देगी.कल 1 मार्च से इसके लिए आपको पेमेंट करना होगा. केंद्र सरकार ने लोगों की सहूलियत तथा राजस्व बढ़ाने को लेकर 15 फरवरी से लेकर 29 फरवरी तक फास्टैग मुफ्त में बांटने का फैसला किया था लेकिन अब 100 रुपये चुका कर आपको फास्टैग मिलेगा.
लॉटरी पर लागू होगी जीएसटी
1 मार्च से लाटरी पर लागू होने वाले नये नियम के तहत, लॉटरी पर 28% जीएसटी लगाया जाएगा. दिसंबर 2019 में जीएसटी काउंसिल ने फैसला किया था कि सभी राज्यों में सरकार से मान्यता प्राप्त जो लॉटरी चलायी जा रही है उन पर 28 फीसदी जीएसटी लगाया जाएगा. इसलिए यह सुविधा जीएसटी के दायरे में आ जायेगी.
इंडियन बैंक के एटीएम में 2000 के नोट बंद
इंडियन बैंक के एटीएम कल से 2000 के नोट उगलने बंद कर देंगे. बैंक के अनुसार उसके एटीएम में 2000 के नोट रखने वाले कैसेट्स को डिसएबल कर दिया जाएगा और बैंक 2000 के नोट के बदले एटीएम में 200 के नोट डालेगा. फिर भी अगर किसी को 2000 रुपये के नोट की जरूरत होगी, तो वह बैंक की शाखा में जाकर जरूरत के हिसाब से नोट प्राप्त कर सकता है. माने 2000 के नोट सीधे बैंक से मिल सकते हैं.
एचडीएफसी का पुराना एप डिसेबल होगा
एचडीएफसी बैंक ने पुराने मोबाइल ऐप में कई तकनीकी खराबियों को देखते हुए एप को बंद करने का फैसला किया है. प्ले स्टोर पर पिछले कुछ महीनों से पुराना और नया दोनों एप मौजूद है. अगर अब भी आप अपने स्मार्टफोन में पुराना ऐप चला रहे हैं तो उसे अनइंस्टॉल कर नया ऐप डाउनलोड कर लें. और बैंक की सुविधाओं का लाभ लें.

Add Comment