रांची/झारखंड. आयुष्मान योजना में बड़ा खेल हुआ है. एक ही दिन में योग्यता की खान एक डॉक्टर साहब ने ऑपरेशन करने का रिकॉर्ड रच दिया. एक दिन 4 स्थान वह भी अलग-अलग और 120 ऑपरेशन बिल्कुल भयंकर स्टाईल. हुनर इतना कि सब चौक जाएं. लेकिन आप मत चौंकिएगा. यह एक डॉक्टर साहब की कारस्तानी है जो 1 साल बाद निकल कर सामने आई है. डॉक्टर साहब पेशे से आंख के सर्जन हैं. इतना स्टेमिना इकट्ठा किए हैं कि 1 दिन में 6 जिले का यात्रा कर ताबड़तोड़ कई ऑपरेशन कर डाले. आंखों में नूर और हाथों में जादू बस समझ लीजिए कि सब परिस्थिति डॉक्टर साहब के अनुकूल ही थी.
दरअसल, हावड़ा के रहने वाले आंखों के चिकित्सक डॉ एसएस मॉल ने झारखंड में ताबड़तोड़ ऑपरेशन किए. 3 मार्च 2019 को डॉक्टर साहब ने वह कर दिखाया जो आप सोच भी नहीं सकते. डॉक्टर साहब ने आयुष्मान भारत योजना में सूचीबद्ध कई अस्पतालों में इंपैनल्ड डॉक्टर माल सरायकेला, रांची से लेकर दुमका तक एक ही दिन में 120 ऑपरेशन कर डाले. सबकी आंखों में रोशनी भरकर डॉक्टर साहब ने अपने चेहरे की लाली और जेब की हरियाली बढ़ा ली. होनहार लगन शील और फर्जीवाड़े के किंग डॉक्टर साहब ने पाकुड़ में 24, दुमका में 78 जामताड़ा में 6 ऑपरेशन किए, इतना ही नहीं फिर सरायकेला आकर कुल 12 आपरेशन और कर दिए. माने कुल मिलाकर 120 आपरेशन. डॉक्टर साहब ने और भी ज्यादा अपनी योग्यता 16 मार्च 2019 को सिद्ध की, डॉक्टर साहब ने बिना रुके बिना थके 6 जिलों में यात्रा करके 26 लोगों को रोशनी दे दी. अब राज्य के लोगों में चर्चा जोर पकड़ रही है कि डॉक्टर साहब ने आने जाने के लिए किस साधन का प्रयोग किया? डॉक्टर साहब चार्टर्ड प्लेन में उड़ रहे थे या हेलीकॉप्टर में हवाई यात्रा पर थे. लोग तो इतना भी कह रहे हैं कि डॉक्टर साहब ने टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया होगा.
डॉक्टर साहब का अपराध तो है ही लेकिन उनसे बड़ा अपराध उन अस्पतालों का है जिन्होंने फर्जी ऑपरेशन के बदले आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों रुपए की बीमा राशि गटक ली. बहरहाल रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टर साहब की खुद की नींद उड़ी हुई है और चैन खोया हुआ है.
कहीं देखें है ऐसे डॉ साहब, एक ही दिन में बना दिये रिकार्ड, अब न आंखों में नींद है न दिल को शुकुन

Add Comment