श्रीनगर/ उत्तराखंड. अपने डबल इंजन के प्रदेश में स्थित गढ़वाल यूनिवर्सिटी में शिक्षकों और अधिकारियों को देने के लिए वेतन नही है. हालत ऐसे हैं कि बिना वेतन शिक्षक और अधिकारियों में रोष है.
पिछले दो माह से वेतन के आभाव में काम करने वाले शिक्षकों और अधिकारियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इतना ही नही अगले माह यानी मार्च के वेतन की भी कोई उम्मीद नहीं है.
उत्तराखंड की गढ़वाल यूनिवर्सिटी के पास वेतन के मद में वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए 80 करोड़ की धनराशि मिली थी जिसे दिसंबर माह तक बांट दिया गया. अब विवि का खजाना खाली है जिसके चलते पिछले दो माह से वेतन नही दिया गया है और न ही मार्च के वेतन की कोई संभावना है.
हालांकि विवि प्रशासन ने यूजीसी से जनवरी से मार्च माह तक वेतन देने के लिए धनराशि मांगी है. अधिकारियों के अनुसार इस राशि को भुगतान करने के लिए 20 करोड़ रुपये की आवश्यकता है.
परिस्थितियों को देखते हुए इसकी संभावना न के बराबर ही बनी हुई है. जबकि विवि के वित्त अधिकारी प्रो. एन एस पंवार को उम्मीद है कि यूजीसी से धनराशि जल्द ही मिल जाएगी और भुगतान कर दिया जाएगा.

Add Comment