सहारनपुर. अपने सामाजिक गतिविधियों को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अक्सर चर्चा में रहते हैं.आम आदमी की मदद हो या बीच सड़क पर किसी की सुनवाई कप्तान एकदम फिट बैठते हैं. फैसला ऑन द स्पॉट का सिद्धांत रखने वाले कप्तान दिनेश कुमार पी ने फिर से एक अलग सूचना जारी की.
देखने में आता है कि पुलिस महकमा केवल अपनी कानून व्यवस्था तक सीमित रहता है लेकिन सामाजिक अवधारणा को सहारनपुर के कप्तान बखूबी पूरा कर रहे हैं. जब दुनिया कोरोना से त्राहि त्राहि कर रही है, हर कोई बचाव या सुझाव देना चाहता है. ऐसे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी की ओर से भी सूचना जारी कर वायरस को लेकर सुझाव दिए गए हैं. पुलिस मीडिया सेल पर जारी रिलीज़ में एसएसपी दिनेश कुमार पी ने कहा है
“जैसा कि आप भली-भांति अवगत हैं कि कोरोना वायरस दुनिया के कई हिस्सों में फैल रहा है जिसमें से 2 केस भारत में भी पाए गए हैं, कोरोना वायरस के संबंध में नियमानुसार एक एडवाइजरी जारी कर रहा हूं”.
- नवीन कोरोना वायरस सर्वप्रथम चीन राष्ट्र के बुहान शहर में निमोनिया के रोगियों में अचानक वृद्धि के रूप में सूचित हुआ है, इस रोग में फ्लू जैसे लक्षण मिलते हैं.
- इस रोग से बचाव के तथा इसके प्रसार को रोकने हेतु निम्न सावधानी बरती जानी आवश्यक है
ऐसे व्यक्ति जिन्होंने पिछले 14 दिनों के दौरान चीन देश की यात्रा की हो या जिनमें निम्न लक्षणों में से एक अथवा एक से अधिक लक्षण हो वह तत्काल अपने निकटवर्ती राजकीय चिकित्सालय में सूचना देकर निशुल्क जांच व उपचार करवाएं.
- अचानक बुखार
- खांसी जुखाम
- गले में खराश
- सांस लेने में परेशानी या निमोनिया
- ऐसे सभी व्यक्ति जिन्होंने चीन देश की यात्रा की है परंतु जिनमें भारत आगमन के समय पर उपरोक्त में से कोई लक्षण उपस्थित नहीं है, वह चीन से आने के उपरांत 28 दिनों तक घर के बाहर अपना आवागमन यथासंभव सीमित रखें. यदि ऐसे व्यक्तियों को भारत में आने के 28 दिनों के भीतर में उपरोक्त में से कोई लक्षण विकसित होते हैं तो खांसी अथवा बुखार के लक्षण विकसित हो जाने वाले ऐसे यात्री तत्काल अपने निकटवर्ती राजकीय चिकित्सालय में सूचना देकर निशुल्क जांच एवं उपचार करवायें.
- इस रोग की जानकारी हेतु हेल्पलाइन नंबर 1800 1805 145 पर संपर्क करें.
कोरोना वायरस से सामान्य रोकथाम एवं बचाव के उपाय
- खांसने/छींकने का शिष्टाचार-खांसते खांसते समय रुमाल या कोई कपड़ा मुंह पर रखना चाहिए यदि रुमाल कपड़ा ना हो तो कम से कम हाथों से मुँह, नाक को सामने से ढ़कना चाहिए ताकि खांसी छींक के माध्यम से वायरस वातावरण में ना फैले
- वार्तालाप करते समय उचित दूरी- वार्तालाप करते समय एक हाथ या उससे अधिक की दूरी बनाए ताकि थूक आदि के संक्रमित कण एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में ना फैलें.
- हाथों की सफाई- कम से कम लोगों से हाथ मिलायें. हाथ मिलाने के बाद या किसी संक्रमित व्यक्ति को छूने के बाद हाथ अवश्य धोएं. भोजन ग्रहण करने से पहले यथासंभव हाथ साबुन से या वीसंक्रामक घोल से धोएं.
- भीड़भाड़ वाले स्थानों से परहेज उपरोक्त लक्षणों के प्रकट होने की स्थिति में भीड़भाड़ वाले स्थानों जैसे-मॉल या बाजार, मेला, गैर स्थानों पर जाने से परहेज करें.

Add Comment