- नदियों नालों नहरों में कूड़ा डाला तो जुर्माने के साथ मुकदमा भी : नगरायुक्त
- पुलों के नीचे भी शुरु हुआ सफाई अभियान
- नदी में कूड़ा डालने पर आधा दर्जन लोगों पर जुर्माना
सहारनपुर। स्मार्ट सिटी सहारनपुर को स्मार्ट बनाने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है. इसके लिए नगर आयुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने खुद कमान संभाल रखी है. क्लीन सहारनपुर-ग्रीन सहारनपुर के उद्देश्य से नगर निगम ने शुक्रवार से शहर के पुलों के नीचे सफाई अभियान शुरु किया है. इतना ही नहीं नदी में कूड़ा डालने पर आधा दर्जन लोगों पर करीब तीन हजार रुपये जुर्माना भी किया गया. मौके पर मौजूद निगम के अधिकारियों ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि नदियों, नालों, नहरों में कूड़ा डालते पकड़े जाने पर जुर्माने के साथ मुकदमे दर्ज करवाई जायेंगे.
गौरतलब है कि शहर को स्मार्ट बनाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है. लेकिन यह व्यवस्था केवल प्रशाशनिक ही रह जाती है. माने लोगों के स्तर से कोई खास सहयोग दिखाई नही पड़ता है. यही कारण है कि सहारनपुर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के लिए कानून का सहारा लेना पड़ रहा है. पॉलीथिन और कूड़ा प्रबंधन के साथ साथ अब नगर निगम के नदियों, नालों और नहरों को साफ़ करने का अभियान छेड़ा है. अकसर देखने में आता है कि लोग अपने घर के कूड़े को शहर में नदियों, नालों या नहर में पुल पर खड़े होकर डाल देते हैं, जिससे नदियों के स्वरूप में घटाव होता जा रहा है.उदाहरण आपके सामने है पांवधोई व ढमोला नदी. दोनों नदियों के किनारे लगे कूड़े के ढे़र और फैली हुई पॉलिथीन शहर की एक बदसूरत तस्वीर पेश करती हैं. इसी व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में शुक्रवार से नगर निगम ने पुलों के नीचे इन नदियों के किनारों की साफ-सफाई का अभियान शुरु कर दिया. साथ ही क्षेत्र में एनाउंस भी कराया कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा नदी में या किनारों पर कूड़ा-कचरा डाला गया तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. जब यह घोषणा की जा रही थी उसी समय करीब आधा दर्जन लोगों को नदी में कूड़ा डालते हुए पकड़ा लिया गया और उन पर जुर्माना लगाते हुए भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी दी गयी गयी. उन्हें बताया गया कि अगर दोबारा नदी में कूड़ा डालते हुए पकड़ा गया तो भारी जुर्माना किया जायेगा और मुकदमे की कार्रवाई भी की जाएगी.
नगरायुक्त के बोलवचन
अभियान की जानकारी देते हुए नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि
“यह सफाई अभियान लगातार चलेगा और शहर के सभी पुलों के किनारें सफाई करायी जायेगी. इसके बाद में रेल पुलों के नीचे भी यह अभियान चलाया जायेगा. चूंकि शहर में बाहर से जब कोई व्यक्ति आता है तो उसे ट्रेन से जो नज़ारा दिखता है, उससे बहुत खराब तस्वीर सामने आती है, हमारा प्रयास है कि उस तस्वीर को बदला जाये. हम लोगों से लगातार अपील कर रहे हैं नाले-नालियों व नदियों में कूड़ा न डालें और अपने जल स्रोतों को साफ रखें, लेकिन लोग सुधरने को तैयार नहीं हैं. ऐसे लोगों के खिलाफ जुर्माने के अतिरिक्त भविष्य में मुकदमें भी दर्ज कराये जायेंगे. “
शुक्रवार को सफाई अभियान के दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.ए.के त्रिपाठी, मुख्य सफाई निरीक्षक अमित तोमर व निरीक्षक अमरीश शामिल रहे.


Add Comment