खटीमा/ उत्तराखंड. कोरोनावायरस के चलते पूरे देश में लॉक डाउन है. इसके बाद भी तरह-तरह के मामले सामने आ रहे हैं. कहीं पूरे लाव लश्कर के साथ यूपी के सहारनपुर के बड़गांव में बरात ले जाने का मामला हो या फिर मोटरसाइकिल से बरेली से दुल्हन लाने का मामला, विवाह की चाहत रखने वाले पीछे नहीं रहना चाहते. कुल मिलाकर कहें तो समय की गंभीरता को लोग समझने को तैयार नहीं हैं. अब नया मामला उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद में सामने आया है जहां दुल्हन लाने की चाहत में दूल्हा और मौलवी समेत 8 लोगों को पुलिस ने लॉक डाउन के उल्लंघन में सलाखों के पीछे पहुंचा दिया. सभी के खिलाफ धारा 188 में मुकदमा दर्ज किया गया है.
दरअसल, गुरुवार को किच्छा के सिरौलीकलां गांव से सलीम पुत्र फहीम अपने कुछ साथियों के साथ खटीमा के इस्लामनगर में अब्दुल रज्जाक की बेटी के साथ निकाह करने के लिए पहुंचा था. दूल्हा सलीम और उसके साथियों के पहुंचने के बाद मोहल्ले के ही मौलाना साहब को भी बुला लिया गया था.
सब कुछ ठीक चल रहा था कि किसी तरह पुलिस को निकाह की सूचना मिल गई. पुलिस ने बिना कोई समय गवाएं चोरी छुपे हो रहे निकाह की जगह पर पहुंचकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया. इतना ही नहीं पुलिस ने निकाह पढ़ाने वाले काजी को भी गिरफ्तार कर लिया. खटीमा पुलिस ने रात भर दूल्हे को थाने में बैठा कर रखा. निकाह के बाद दूल्हे मियां की पहली रात हवालात में कटी.
पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों में पुलिसिया सख्ती की चर्चा जोर पकड़ रही है. गौरतलब है की लॉक डाउन के चलते शादी निकाह की रस्मों को पूरा नही किया जा रहा है. पहले से ही तय तारीख़ पर जहां लोग चोरी छुपे कोशिश कर रहे हैं वहीं अधिकांश लोगों ने शादी की तारीखों को आगे बढ़ा दिया है.पुलिस की छापेमारी भी हो रही है. लॉक डाउन के चलते पुलिस कोई कोताही नही बरत रही है.

Add Comment