एक्सक्लूसिव • ट्रेंडिंग न्यूज़

ये भी अंदाज़ है सबक सिखाने का, पुलिस की कार्रवाई बनी चर्चा

  • पुलिस ने अनूठे अंदाज में सिखाया सबक
  • कान पकड़वाकर घर से बाहर नहीं निकलने का संकल्प कराया

Saharanpur/ up. लॅाक डाउन में भी घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को मंडी थाना पुलिस ने अनूठे अंदाज में सबक सिखाया. ऐसे सभी लोगों को थाने लाकर पहले कोरोना के खतरे के बारे में बताया गया और फिर कान पकड़वाकर घर से बाहर नहीं निकलने का संकल्प कराया.

पुलिस की सख्ती के बावजूद मंडी थाना क्षेत्र के इलाकों में लोग घरों से बाहर मजमा लगाकर खड़े हो रहे हैं. पुलिस ऐसे करीब डेढ दर्जन लोगों को पकड़कर थाने ले गई. सभी को वहां पिटाई होने का डर सताने लगा, लेकिन पुलिस ने उन्हे पीटने के बजाए अनूठे अंदाज में सबक सिखाया.

सभी को लाइनों में खड़ा कर पहले कोरोना के खतरे के बारे में बताया गया. थाना प्रभारी ने कहा कि टीवी पर आ रही विदेशों की तस्वीरें देख लो, खुद पता लग जाएगा। यदि घरों में नहीं रहोगे तो कोई नहीं बचेगा. दूसरे देशों का हाल देख लो.

इसके बाद सीओ रजनीश कुमार उपाध्याय ने हिदायत की कि मानवता को बचाने के लिए हमें आपके जैसे लोगों के साथ कोई भी कुकृत्य करना पड़ेगा तो हम करेंगे. पूरी मानवता को हम कुछ लोगों के कारण खतरे में नहीं डाल सकते.

उन्होंने सभी से बुलवाया कि..

हम देश और समाज के दुश्मन है. हम घर में नहीं रह सकते है, हम किसी भी कानून का पालन नहीं कर सकते. हमारे लिए एक ही जगह है और वह है जेल. इसके बाद सभी को कान पकड़वाकर ‘घरों में रहने, बाहर नहीं निकले’ का संकल्प भी कराया.

गौरतलब है कि कोरोना के चलते जनपद में लॉक डाउन चल रहा है लेकिन लोग उलंघन करने की प्रवृत्ति को नही छोड़ रहे हैं.

Report-Sankalp Naib