देहरादून. उत्तराखंड सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए स्कूल संचालकों पर स्कूल खुलने से पहले फीस न लेने का आदेश दिया है. राज्य सरकार ने स्कूलों से कहा है कि जब स्कूल बंद है तो फीस लेने का कोई औचित्य नही है.
सरकार के निर्देश पर विद्यालयी शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम ने प्रदेश में सीबीएसई, आईसीएसई, राज्य तथा अन्य बोर्डो द्वारा संचालित अथवा संबद्ध सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों द्वारा सभी प्रकार के शुल्क जमा कराने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दिया है.
शिक्षा सचिव ने अपने आदेश में कहा है कि स्थिति के सामान्य होने तथा विद्यालयों के खुलने के बाद ही शुल्क जमा करवाने की कार्रवाई की जा सकेगी.
बता दें कि वर्तमान में कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए प्रदेश में सभी प्रकार के विद्यालय बंद हैं. ऐसे में तत्काल शुल्क जमा करवाने के लिए विद्यालय प्रबंधन द्वारा अभिभावकों पर दबाव बनाया जा रहा था. यह नैतिक और व्यवहारिक दोनों रूप से गलत है.
आर मीनाक्षी सुंदरम ने भी माना कि कोरोना के बचाव की दृष्टि से भी जब पूरा राज्य लॉक डाउन घोषित किया गया है तो ऐसी स्थिति में फीस जमा कराने का कृत्य उचित नहीं है.
राज्य के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने भी स्कूलों के इस कृत्य को गलत बताया है. शासन के इस फ़ैसले से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है.

Add Comment