Uncategorized

आर्थिक गणनाकारों के साथ दुर्व्यवहार, जिलाधिकारी ने एसएसपी को लिखा पत्र, जानिए क्या है मामला

सहारनपुर. सातवीं आर्थिक गणना में शहर और गांव के क्षेत्रों में गणनाकारों के साथ गाली गलौज और मारपीट के आरोप सामने आए हैं. घटना के बाद सीएससी से संबंधित सुपरवाइजर प्रदीप कुमार चौधरी और गणना के जिला प्रभारी की ओर से जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले से अवगत कराया गया.
प्रार्थना पत्र का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने 16 मार्च को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर को आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध करवाने के लिए पत्र लिखा.

जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को लिखे पत्र में कहा है कि आर्थिक गणना के कार्यों में विगत कुछ दिनों से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले कुछ भ्रमित व्यक्तियों द्वारा आंकड़ों के एकत्रीकरण में पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों के साथ अभद्रता का व्यवहार किया जा रहा है. ऐसे लोगों के द्वारा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की जा रही है जिसके चलते सातवें आर्थिक गणना का कार्य सुचारू रूप से चलाना संभव नहीं हो पा रहा है.
गौरतलब है कि कुछ लोग सीएए, एनपीआर और आर्थिक गणना का विरोध कर रहे हैं, जिसके चलते कार्य मे बाधा आ रही है.