लखनऊ. उत्तर प्रदेश सरकार ने कक्षा1 से 8 तक के विद्यार्थियों को बिना परीक्षा उत्तीर्ण किये अगली कक्षा में प्रवेश देने के आदेश दिये हैं. इतना ही नही बोर्ड परीक्षाओं के मूल्यांकन को भी फ़िलवक्त रोक दिया गया है. कोरोना के प्रभाव से बचाने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है.
उत्तर प्रदेश सरकार के डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने इस संबंध में आवश्यक आदेश दिए हैं. सरकार की ओर से कहा गया है कि कोरोना को महामारी घोषित किया गया है. आम जन की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है. इसलिए छोटे बच्चों को संक्रमण से बचाने के लिए स्कूलों की परीक्षाओं को रद्द कर छात्रों को अगली कक्षा में प्रवेश देने को कहा गया है. डिप्टी सीएम की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि 2 अप्रैल को स्कूलों के खुलने के बाद 10वीं और 12वी की बोर्ड परीक्षा कॉपी के मूल्यांकन की नई तारीख़ तय की जाएगी. इस आदेश के बाद बोर्ड परीक्षा का परिणाम देर से आएगा. सरकार के प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि कल मंगलवार को मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में कैबिनेट की बैठक हुई जिसमें कोरोना से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये.
उन्होंने बताया कि लोगो को भीड़ भाड़ वाली जगह न जाने की सलाह दी गयी है. शादी समारोह आदि जलसे से बचने की सलाह दी गयी है. इतना ही नही प्राइवेट फर्मों के लोगो को घर से ही कार्य करने की गाइडलाइन जारी की गई है. उन्होंने बताया कि सरकारी कर्मचारियों के भी वर्क फ्रॉम होम के लिए कमेटी बैठाई गयी है.
इससे पूर्व उत्तराखंड सरकार ने भी कक्षा1 से 8 तक के सभी विद्यार्थियों को सफल घोषित कर अगली कक्षा में प्रवेश के आदेश दिए थे. गौरतलब है कि भारत मे कोरोना अभी दूसरे स्टेज़ में है और सरकार इसे तीसरे स्टेज़ में नही जाने देना चाहती है.



Add Comment