टॉप न्यूज़ • न्यूज़

हाल ए कांग्रेस: मैं सिर्फ तुम्हारे लिए गाती हूं लेकिन…

कोलकाता : सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस का हाल आजकल बहुत खराब चल रहा है. पार्टी क्षेत्रीय दलों को मनाने के चक्कर में घुटनों पर आ गई है. भाजपा के नारे कांग्रेस मुक्त भारत का मुकाबला करने के लिए कांग्रेस अपने चिर प्रतिद्वंदी पार्टियों से भी हाथ मिलाने से गुरेज नहीं कर रही है. इसका हालिया नमूना महाराष्ट्र में देखा गया जहां पार्टी ने विपरीत विचारधारा लाइन की शिव सेना के साथ हाथ मिलाया. अब पार्टी ने फिर से राजनीतिक जहर का प्याला पीकर पश्चिम बंगाल में वामदलों से हाथ मिलाने का प्लान बनाया है.
पार्टी के बंगाल प्रदेश कांग्रेस समिति (डब्ल्यूबीपीसीसी) के अध्यक्ष सोमेन मित्रा ने रविवार को कहा, “कांग्रेस पश्चिम बंगाल में वाम मोर्चे के साथ निकाय चुनाव में सीटों का बंटवारा करेगी, लेकिन गठबंधन नहीं करेगी”. माने दोस्ती तो होगी लेकिन किसी को बताएंगे नही. एक संवाददाता सम्मेलन में मित्रा ने कहा कि “कांग्रेस और वाम मोर्चा संबंधित मजबूत क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारेगी”.
कांग्रेस के ऑफर को तुरंत कैश करते हुए माकपा विधायक दल के नेता सुजान चक्रबर्ती ने कहा, “हमने हमेशा ही भाजपा और तृणमूल कांग्रेस का पश्चिम बंगाल में संयुक्त रूप से मुकाबला करने की बात कही है.”
कांग्रेस ने निकाय चुनाव की तारीख को लेकर अपनी राय रखी है. कांग्रेस ने कहा है कि उसे चुनाव की तारीखों से कोई आपत्ति नहीं. लेकिन चुनाव के समय को लेकर आपत्ति है. चुनाव बोर्ड परीक्षा को ध्यान में रखकर होने चाहिए. राज्य में निकाय चुनाव मध्य अप्रैल में आयोजित होने की संभावना है.
बंगाल नगर निगम चुनाव को विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जाता है. बता दें कि 2021 में पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में कांग्रेस और वाम दल दोनों ही अपनी जमीन तलाशने में लगे हुए हैं. राज्य में 107 नगरपालिका सहित कोलकाता और हावड़ा नगर निगम के लिए चुनाव होंगे.
लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन को लेकर दोनों ही दल कोई रिश्क लेना नही चाहते हैं.
फिलवक्त यह कहना गलत नहीं होगा कि कांग्रेस की स्थिति ऐसी हो गई है जो कहे कि मैं सिर्फ तुम्हारे लिए जाती हूं, बाकी गाती सबके लिए है.