सहारनपुर. दो पहिया वाहन चालकों और कार चालकों के लिए यह खबर बड़ी हो सकती है. यदि आप दो पहिया वाहन चलाते हैं और हेलमेट का उपयोग नहीं करते हैं या फिर कागज अपने साथ नहीं रखते हैं तो पुलिस आप के खिलाफ अभियान छेड़ने वाली है. नवनियुक्त यातायात प्रेमचंद ने चार्ज संभालते ही वाहन चालकों को सलाह और चेतावनी दोनों जारी की है. पुलिस की यह सलाह केवल दो पहिया वाहन चालकों के लिये ही नहीं बल्कि शराब पीकर अपना रोग ग़ालिब करते हुए गाड़ी चलाने वालों के लिए भी खास है. आने वाले दिनों में यातायात पुलिस रात 10:00 बजे तक चेकिंग अभियान और 10:00 बजे के बाद भी विशेष अभियान चलाकर शराब चालकों के खिलाफ अभियान छेड़ने के मूड में है. उक्त जानकारी सहारनपुर के नए एसपी यातायात प्रेमचंद ने चार्ज संभालने के बाद पत्रकारों से साझा की.
सहारनपुर पुलिस और एसपी ट्रैफिक की सख्ती का अंदाजा सिर्फ इस बात से लगा सकते हैं कि पिछले 2 दिन में पुलिस ने तीन सवारी, बिना हेलमेट समेत अन्य गाड़ियों के चालान से तकरीबन ₹2100000 का राजस्व इकट्ठा किया है. एसपी ट्रैफिक प्रेमचंद ने सहारनपुर नगर के अंदर ट्रैफिक समस्या को गंभीर मानते हुए इसको समाप्त करने का प्रयास करने की बात कही है. उन्होंने यह भी कहा कि जो भी यातायात के नियमों का उल्लंघन करता हुआ पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी. नगर के विभिन्न स्कूलों में जाकर यातायात के नियमों की जानकारी से छात्र-छात्राओं को रूबरू कराया जाएगा साथ ही नगर निगम के सहयोग से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान छेड़ा जाएगा. बता दें कि पिछले 2 दिन में यातायात पुलिस ने तकरीबन 1400 चालान करके 21 लाख रुपए से ऊपर का राजस्व इकट्ठा किया है.
सुनिये और क्या कुछ कहा एसपी ट्रैफ़िक ने

Add Comment