उन्नाव. देश के बेहतर निर्माण के लिए सबसे पहली भूमिका निभाने वाली कड़ी होती है ग्राम सरकार और उस सरकार के मुखिया होते हैं अपने प्रधान जी. प्रधान जी वैसे तो अपने अच्छे बुरे कारनामों के लिए अक्सर चर्चा का विषय बने रहते हैं लेकिन कुछ लोग अपने गुणों की चकाचौंध से संसार को आश्चर्य चकित करते रहते हैं. ऐसा ही एक मामला प्रकाश में आया है. उन्नाव जिले के ग्रामसभा सिरवइया के प्रधान ने ऐसा प्रमाण पत्र बनाया जिसे आपने आज तक नहीं पढ़ा होगा.
दरअसल, विकासखंड असोहा के गांव सिरवईया निवासी लक्ष्मी शंकर पुत्र बजरंग की मृत्यु 22 जनवरी को हो गई थी. उनकी मृत्यु के प्रमाण पत्र की आवश्यकता पर परिवार के लोगों ने सीधा रुख प्रधान ग्रामसभा के प्रधान बाबूलाल के के पास किया. प्रधान जी ने जिम्मेदारी निभाते हुए 17 फरवरी 2020 को जो प्रमाण पत्र जारी किया उसके बाद वह खुद एक चर्चित हस्ती बन गए.प्रधान जी ने लिखा,
“प्रमाणित किया जाता है कि लक्ष्मी शंकर पुत्र बजरंग निवासी ग्राम सिरवइया पोस्ट कंचनपुर थाना असोहा जिला उन्नाव के मूल निवासी थे. इनकी मृत्यु दिनांक 22/01/2020 को हो गयी थी,”
यहां तक तो सब कुछ ठीक था लेकिन अंतिम पंक्ति ने प्रधान जी को हास्य का कारण बना दिया. उन्होंने लिखा कि
“मैं इनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं.”
अब प्रधान जी का जारी किया गया प्रमाण पत्र जमकर वायरल हो रहा है, जिसके चलते वह चर्चा में हैं.

Add Comment