नई दिल्ली. दुनिया के सबसे ताकतवर देश अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कुछ भी घंटों बाद सपरिवार भारत पहुंचने वाले हैं. पहली बार कोई अमेरिकी राष्ट्रपति अपने भारी भरकम परिवार के साथ भारत आ रहे हैं. ट्रंप के साथ उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप, बेटी इवांका ट्रंप और दामाद जेरेड कुशनेर भी होंगे. दो दिवसीय भारत यात्रा पर आ रहे ट्रंप का अहमदाबाद में पीएम मोदी खुद स्वागत करेंगे. अमेरिकी राष्ट्रपति के दौरे को लेकर अहमदाबाद से लेकर आगरा और दिल्ली तक सुरक्षा व्यवस्था को बेहद चाकचौबंद किया गया है. भारत यात्रा के दौरान ट्रंप अहमदाबाद में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के साबरमती आश्रम जाएंगे. वह पीएम मोदी के साथ एक रोड शो करेंगे और दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम ‘मोटेरा’ का उद्घाटन करेंगे. भारत अमेरिकी राष्ट्रपति के स्वागत को पूरी तरह तैयार है.
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया-
‘भारत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत करने को लेकर उत्सुक है. यह एक सम्मान की बात है कि वह कल हमारे साथ होंगे और उनकी यात्रा की शुरूआत अहमदाबाद में ऐतिहासिक कार्यक्रम से होगी.’
अमेरिकी राष्ट्रपति की भारत यात्रा से जुड़ी खास बातें जान लीजिए
- 36 घंटे के दौरे में ट्रंप अहमदाबाद से आगरा जाएंगे. आगरा से दिल्ली आएंगे जहां द्विपक्षी मुद्दों पर बात होगी. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के सोमवार को लगभग 11:40 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे.
- ट्रंप मोदी के साथ हवाई अड्डे से साबरमती आश्रम और वहां से नवनिर्मित मोटेरा क्रिकेट स्टेडियम तक एक रोड शो में शामिल होंगे.
- मोटेरा क्रिकेट स्टेडियम में एक लाख से अधिक लोगों के ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम में मौजूद रहने की उम्मीद है.जिनको ट्रंप संबोधित करेंगे.
- अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत करने के बाद डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप के साथ ताजमहल दीदार के लिए आगरा जाएंगे.इस दौरान ट्रंप के साथ उनकी बेटी इवांका, दामाद जेरेड कुशनेर और उनके प्रशासन के शीर्ष अधिकारी भी होंगे.
- ट्रंप को उनके गुजरात दौरे के दौरान भारत की सांस्कृतिक झलक देखने को मिलेगी. अहमदाबाद शहर में ‘इंडिया रोड शो’ के 22 किलोमीटर के मार्ग के दोनों ओर बने मंचों पर देश के विभिन्न हिस्सों से आए नृत्य समूह और गायक प्रस्तुति देंगे.
- ट्रंप की यात्रा के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं. रोड शो के मार्ग में सड़क के दोनों ओर दोनों नेताओं के विशाल होर्डिंग और गुजरात में ऐतिहासिक स्थानों की रेप्लिका भी लगाई गई हैं.
- रोड शो के मार्ग में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहेंगे और वह दोनों नेताओं का स्वागत करेंगे. सुरक्षा चाकचौबंद है.
- 12 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों, यूएस सीक्रेट सर्विस तथा राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) और एसपीजी के कर्मियों को इस हाई प्रोफाइल यात्रा के लिए तैनात किया गया है.
डोनाल्ड ट्रंप भारत की यात्रा करने वाले अमेरिका के सातवें राष्ट्रपति हैं. ट्रंप ने भी ट्वीट करके कहा कि वह भारत में अपने अच्छे दोस्तों के साथ रहने को लेकर उत्सुक हैं. उन्होंने एक वीडियो री-ट्वीट किया था, जिसमें उनका चेहरा भारतीय फिल्म के पात्र बाहुबली पर लगाया गया है और उन्हें एक महान रक्षक के तौर पर दिखाया गया है. ट्रंप-मोदी दोस्ती के इतर इस दौरे पर दोनों देश पांच ऐसे डील करने वाले हैं, जो भारत-अमेरिका संबंधों को नए सिरे से परिभाषित करेंगे.
- घरेलू सुरक्षा, बौद्धिक संपदा कानून, सिविल न्यूक्लियर डील के तहत रिएक्टर समझौता, रक्षा सौदा और सीमित ट्रेड डील शामिल है.
- सीमित ट्रेड डील इसलिए कि डोनाल्ड ट्रंप भारत आने से पहले ही कह चुके हैं कि व्यापक समझौते की गुंजाइश इस यात्रा में कम ही है. अमेरिकी राष्ट्रपति मांसाहार पसंद करते हैं, लेकिन भारत में उनको शाकाहारी भोजन से संतोष करना पड़ेगा. अहमदाबाद में गुजराती व्यंजन परोसा जाएगा. राष्ट्रपति भवन में जब लंच और डिनर की व्यवस्था होगी वहां भी शाकाहर पर जोर होगा.
- ट्रंप के सलाहकार उनके लिए स्वादिष्ट डिश तय करने में जुट गए हैं.
- बॉलीवुड गायकों कैलाश खेर और पार्थिव गोहिल तथा कीर्तिदान गढ़वी, गीता रबारी, पुरुषोत्तम उपाध्याय और साईराम दवे जैसे गुजराती लोक गायक स्टेडियम में प्रस्तुतियां देंगे.
(साभार)

Add Comment