नई दिल्ली. राजनीति भी बहुत दिलचस्प होती है. कई बार आपका चर्चा पाने का तरीका आपके लिए भारी पड़ जाता है. ऐसा ही कुछ देखने को दिल्ली में मिला. लॉक डाउन में क्रिकेट खेलने उतरे मनोज तिवारी आज प्रदेश अध्यक्ष पद से आउट हो गए. वह तकरीबन साढे तीन साल से दिल्ली की राजनीतिक सियासत पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से बैटिंग कर रहे थे. वहीं उत्तरी दिल्ली के मेयर रह चुके आदेश कुमार गुप्ता भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे. व्यापारियों को साधने के लिए भाजपा ने गुप्ता को कमान सौंपी है. वर्तमान में आदेश कुमार गुप्ता पश्चिमी पटेल नगर से पार्षद है.
दिल्ली चुनाव परिणाम के 3 महीने के भीतर ही भाजपा ने दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी को हटाकर उनकी जगह पर 2018 में दिल्ली के मेयर रह चुके आदेश कुमार गुप्ता को दिल्ली का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है. प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद मनोज तिवारी ने पार्टी और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया और क्षमा मांगी. गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में मनोज तिवारी की अध्यक्षता में भाजपा ने विधानसभा चुनाव लड़ा था और हार का सामना करना पड़ा था. हालांकि मनोज तिवारी पहले भी इस्तीफे की पेशकश कर चुके थे लेकिन उस समय उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया था.
दिल्ली को लेकर भाजपा के मन में क्या है?
दरअसल इस बदलाव के पीछे दिल्ली एमसीडी का चुनाव माना जा रहा है. 2017 में हुए चुनाव में दिल्ली में भाजपा चुनी गई थी. अगला चुनाव 2022 में होना है. भाजपा एमसीडी चुनाव को लेकर कोई रिस्क नहीं लेना चाहती. व्यापारियों को साधने के लिए भाजपा ने आदेश कुमार गुप्ता का चयन किया है. आदेश कुमार का व्यापारियों में अच्छी पकड़ है.
छत्तीसगढ़ और मणिपुर में भी बदले गए प्रदेश अध्यक्ष
पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली नहीं इसके साथ-साथ छत्तीसगढ़ और मणिपुर में भी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए हैं. छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय को दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है. पहले भी वह प्रदेश की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. विष्णुदेव साय को पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह और आर एस एस का करीबी माना जाता है. अब तीसरी बार वह प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभालेंगे.
वहीं मणिपुर में एस टीकेंद्र सिंह की तैनाती की गई है.










Add Comment