लखनऊ. उत्तर प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में 69000 सहायक अध्यापकों की भर्ती के लिए हुई परीक्षा के क्वालीफाई करने वाले उम्मीदवारों की जनपद के हिसाब से लिस्ट जारी कर दी गई.
सोमवार की रात जारी की गई लिस्ट को कैंडिडेट उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग की साइट पर देख सकते हैं. अंतिम लिस्ट में शामिल 67867 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र काउंसलिंग प्रक्रिया के बाद दिया जाएगा. काउंसलिंग के लिए 3 जून से 6 जून तक समय रखा गया है.
शिक्षामित्रों ने फिर से अटका रोड़ा
इलाहाबाद हाईकोर्ट से 69000 सहायक शिक्षकों की भर्ती में योगी आदित्यनाथ सरकार के कट ऑफ को मंजूरी मिलने के बाद से सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को तेज कर दिया था जिसमें शिक्षामित्रों ने फिर से रोड़ा अटकाया है. शिक्षामित्रों ने सर्वोच्च न्यायालय से गुहार लगाई है. उन्होंने 69000 सहायक शिक्षकों की भर्ती के मामले में पदों को होल्ड करने की मांग की है. शुक्रवार को की गई अपील पर माना जा रहा है सर्वोच्च न्यायालय जल्दी सुनवाई करेगा. इससे पहले प्रदेश सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय में कैविएट दाखिल की है जिसमें कहा गया है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले पर सर्वोच्च न्यायालय बिना सरकार का पक्ष सुने कोई आदेश जारी न करें.
गौरतलब है कि पिछले वर्ष शिक्षक भर्ती की परीक्षा आयोजित की गई थी जिसमें 4 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया था. सरकार ने इसके लिए कटऑफ में सामान्य वर्ग में 65 फ़ीसदी और आरक्षित वर्ग में 60 फ़ीसदी अंक तय किए थे. इसी फैसले को शिक्षामित्रों ने हाई कोर्ट में चैलेंज किया था जिसके बाद हाईकोर्ट का फैसला सरकार के पक्ष में आया था. शिक्षामित्र सामान्य वर्ग के लिए 45 फ़ीसदी और आरक्षित वर्ग के लिए 40 फ़ीसदी कट ऑफ की मांग कर रहे थे.









Add Comment