कोरोना संक्रमण से स्वस्थ हुए पति और दो बच्चो की अस्पताल से विदाई के वक्त महिला , मंत्री सुरेश खन्ना से बोली कि लोग घर में नहीं घुसने देंगे
सहारनपुर (गौरव सिंघल)। प्रदेश के चिकित्सा, शिक्षा एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना के सामने उस वक्त स्थिति असमंजस पैदा करने वाली हो गई जब अपने पति और दो बच्चो को स्वस्थ होने के बाद घर लेकर जाने वाली महिला नीता ने कहा कि उन्हें अब घर जाते हुए डर लग रहा है क्योकि मोहल्ले के लोग कह रहे है कि वे इस परिवार को अब घर में घुसने नहीं देंगे। मंत्री के साथ खडे जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने नीता को भरोसा दिया कि वह परेशान न हो। प्रशासन इस बात का ध्यान रखेगा कि कोई भी उन्हें किसी तरह तंग न करे। नीता ने मंत्री के पूछने पर बताया कि उनका परिवार सहारनपुर स्टार पेपर मिल कालोनी में रहता है। उसके पति प्रवीन कुमार दिल्ली में सैलून चलाते है और पिछले दिनो वहां से लौटने के बाद कोरोना संक्रमित पाए गए थे। उनका सात साल का और साढे तीन माह का बेटा भी कोरोना संक्रमित निकला था। उनका खुद का नमूना जांच में नेगेटिव पाया गया था लेकिन वह राजकीय मेडिकल कालेज कोविड-19 अस्पताल में अपने पति और दूध मुंहे बच्चे की देखरेख के लिए वहीं पर उनके साथ रूकी थी। पति और दोनो बच्चो का नमूना शनिवार रात नेगेटिव आ गया था। चिकित्सको ने परिवार के सदस्यों की विदाई से पहले उसका भी दूसरा नमूना जांच को भेजा था। वह भी नेगेटिव निकला। मंत्री ने कालेज के प्राचार्य दिनेश कुमार से पूछा कि इस परिवार को रात ही क्यो नहीं घर भेजा गया। दिनेश कुमार ने बताया कि रात्रि में तेज बारिश हो रही थी और यह परिवार बिना सुरक्षा आश्वासन के भी घर जाने को तैयार नहीं था।
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह के निर्देश पर एसएसपी दिनेश कुमार प्रभु ने थाना सदर प्रभारी निरीक्षक पंकज पंत से नीता के परिवार को घर जाने के दौरान सुरक्षा मुहैया कराने के निर्देश दिए। यदि कोई भी मोहल्ले का व्यक्ति उन्हें परेशान करेगा तो पुलिस उनके खिलाफ कडी कानूनी कार्रवाई करेगी।










Add Comment