नयी दिल्ली : दिल्ली के चुनाव में भारी जीत के साथ सत्ता में वापसी करने वाले आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपने शपथ ग्रहण समारोह को सादगी से मनाने का निर्णय लिया है. शपथ ग्रहण समारोह में शक्ति प्रदर्शन ना करने की मंशा को रखते हुए केजरीवाल ने दिल्ली से बाहर के किसी भी व्यक्ति को या किसी मुख्यमंत्री को बुलाने से परहेज किया है और केवल दिल्ली की जनता को निमंत्रण दिया है.
एक व्यक्तित्व को और निमंत्रित किया गया है और वह हैं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी. केजरीवाल ने पीएम को अपने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया है. सूत्रों की माने तो बृहस्पतिवार को केजरीवाल ने पीएम मोदी को निमंत्रण पत्र भेजा है और शामिल होने का अनुरोध किया है. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि पीएम मोदी कार्यक्रम में शामिल होते हैं या नहीं.
बता दें कि 16 फरवरी दिन रविवार को सुबह 10 बजे रामलीला मैदान में अपने केबिनेट के साथ अरविंद केजरीवाल तीसरी बार दिल्ली प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.

Add Comment