सहारनपुर. सोशल मीडिया पर एक युवक को भड़काऊ पोस्ट डालना भारी पड़ गया. पुलिस ने एक व्यक्ति की ओर से की गई शिकायत के बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
पुलिस ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप पर नगर सहारनपुर के थाना मंडी क्षेत्र के अली चुंगी के रहने वाले असगर के पुत्र नफीस को भड़काऊ पोस्ट डालने के आरोप में गिरफ्तार किया है. पुलिस ने जारी प्रेस रिलीज में लिखा है कि नफीस ने अपने मोबाइल से मुख्यमंत्री का गलत चित्र बनाकर व्हाट्सएप पर शेयर किया. पुलिस ने इसके बारे में जानकारी देते हुए कहा कि थाना मंडी क्षेत्र के राघव पुरम कॉलोनी निवासी अशोक कुमार के पुत्र मिंटू जग्गा ने उक्त वायरल पर लिखित तहरीर थाना मंडी पर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी, जिसके बाद थाना मंडी पुलिस में 134/ 2020 धारा 153 ए, 153 बी, 68 आईटी एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया था.
मुकदमे का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार प्रभु द्वारा नफीस को तत्काल गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए जिसके बाद स्थानीय थाना पुलिस ने नफीस को एक मोबाइल फोन के साथ दिन में 1:33 पर गिरफ्तार कर लिया और उसको जेल भेज दिया. गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मंडी आदेश कुमार त्यागी, हेड कॉन्स्टेबल यशपाल और कांस्टेबल प्रदीप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

Add Comment