नई दिल्ली. कोरोना के कहर से पूरी दुनिया कांप रही है. देश में भी कोरोनावायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है. ऐसे में सरकार को और प्रभावी कदम उठाने होंगे.
दिल्ली एम्स के डायरेक्टर डॉ रणदीप गुलेरिया ने सरकार को चेताया है. डॉ गुलेरिया ने एक निजी समाचार चैनल से बात करते हुए कहा, “भारत में कुछ स्थानों पर कम्युनिटी ट्रांसमिशन फेज देखा गया है जो कि खतरे की घंटी है. उन्होंने कहा कि अगर इसको रोकने के लिए और जरूरी कदम नही उठाये गए हालात बेकाबू हो जाएंगे. ट्रांसमिशन फेज का मामला बहुत गंभीर है. इसलिए इस पर जल्द ही काबू पाने की कोशिश की जा सकती है.चैनल पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जिस रफ्तार से भारत में कोरोना मामले सामने आ रहे हैं उससे जल्दी कोरोना का कम्युनिटी ट्रांसमिशन फेज शुरू हो जाएगा.
जून तक खतरा बरकरार
अमेरिका की एक कंसल्टिंग फर्म बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप में एक रिपोर्ट प्रकाशित की है जिसके अनुसार भारत में जून के तीसरे हफ्ते में करोना का कहर और बढ़ सकता है. रिपोर्ट में कहा गया है कि गर्मी के साथ ही कोरोना का जाल फैलता चला जाएगा जिसे रोक पाना सरकार के लिए मुश्किल होगा.
भीलवाड़ा मॉडल लागू करेगी सरकार
केंद्र सरकार कोरोना पर काबू पाने के लिए राजस्थान के भीलवाड़ा मॉडल को लागू कर सकती है. गौरतलब है कि भीलवाड़ा में पहला कोरोनावायरस का मरीज़ मिला था जिसके बाद वहां की सरकार ने तेजी से जांच शुरू कर सभी संदिग्ध लोगों को आइसोलेट कर दिया था. ऐसे में माना जा रहा है कि सरकार देश में भी इस तरह का निर्णय ले सकती है.
कैबिनेट सचिव का राज्यों को निर्देश
तीसरे फेज़ को रोकने के लिए कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने सभी राज्यों को निर्देशित किया है. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से तीसरे स्टेज यानी कम्युनिटी ट्रांसमिशन को रोकने के लिए एक नियंत्रण योजना तैयार करने और जमीनी स्तर पर उसका प्रभाव क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए कहा है. कैबिनेट सचिव ने रिपोर्ट को केंद्र सरकार को सौंपने के लिए भी राज्यों को निर्देशित किया है.
देश में इस समय कोरोना के मामले तकरीबन 4100 के करीब पहुंच चुके है, 109 लोगों को कोरोना के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी जबकि 300 से अधिक लोगों को अब तक ठीक किया गया है.

Add Comment