NEERAJ KUMAR SINGHAL
सहारनपुर/ उत्तर प्रदेश. देश में कोरोना काल के चलते पूरी तरह से लॉक डाउन है जिसके कारण आम आदमी को जीवन यापन करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. इसी बीच आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को सरकार ने मदद उपलब्ध कराई है.
नगर निगम द्वारा आर्थिक रुप से कमजोर 12 हजार 616 लोगों की सूची राज्य सरकार द्वारा महामारी कोविड—19 के परिपेक्ष्य में आर्थिक सहायता हेतु जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई गई है. जिनके खाते सही और चालू स्थिति में थे, उन सभी लोगों के खातों में सीधे एक— एक हजार रुपये सहायता राशि भेज दी गई है.
इनको मिली मदद
मेयर संजीव वालिया व नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि महानगर के सभी वार्डों से लॉकडाउन के कारण बेरोजगार हुए व्यक्तियों मे से आर्थिक रुप से कमजोर लोगों की जो सूची पार्षदों और नगर निगम के राजस्व संग्रह कर्मचारियों द्वारा उपलब्ध कराई गई थी, उनमें ई रिक्शा चालक, कुली/पोर्टर, पल्लेदार व स्ट्रीट वेंडर आदि शामिल थे. सत्यापन और जांच के बाद 12 हजार 616 लोगों की सूची आर्थिक सहायता हेतु जिला प्रशासन को भेज दी गई थी। इन सभी के खातों में पांच मई तक एक—एक हजार रुपये की सहायता राशि प्रशासन द्वारा जमा कराई जा चुकी है. उन्होंने बताया कि इस तरह करीब सवा करोड़ रुपये लोगों के खातों में पहुंच गया है. लगभग 1400 लोगों के खातों में यह धनराशि इसलिए नहीं जा सकी, चूंकि या तो उनके बैंक खाते बंद थे या सही नहीं थे. ऐसे गलत खातों को सही कराकर पुन: सीधे धनराशि स्थानांतरण के लिए प्रशासन को सूची भेजी जा रही है.
राशन पर क्या बोले अधिकारी बोलवचन
उन्होंने बताया कि लगभग आठ हजार लोगों के नाम राशन किट उपलब्ध कराने के लिए उपजिलाधिकारी सदर को भेज दिए गए हैं, जिन पर राशन किट वितरण का कार्य चल रहा है. अभी कितने लोगों को यह किट बांटी गई है, यह सूचना अभी प्रशासन द्वारा नगर निगम को उपलब्ध नहीं कराई गई है.
मेयर खुशियोंको बांट रहे थे छलक गया दर्द
मेयर संजीव वालिया ने इस बात पर दुख जताया है कि पार्षद, विभिन्न संस्थाओं से संबद्ध समाजसेवी तथा अन्य जो लोग कोरोना से अपनी अपनी सामर्थ के अनुसार जंग लड़ रहे हैं, उन्हें कुछ लोगों द्वारा व्हाटसएप एवं सोशल मीडिया के अन्य माध्यमों पर तरह तरह के भ्रामक संदेश पोस्ट कर दोषारोपित व हतोत्साहित किया जा रहा है. मेयर वालिया ने जरुरतमंदों को सहायता करने में सहयोग कर रही विभिन्न संस्थाओं और पार्षदों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्षदों द्वारा अपनी सामर्थ के अनुसार व्यक्तिगत रुप से भी लोगों की मदद की जा रही है. नगर निगम या प्रशासन की ओर से उन्हें कोई धनराशि नहीं दी गई. पार्षदों द्वारा जो भी सामग्री अपने अपने वार्डों में वितरित की गई है, वह उन्होंने अपने व्यक्तिगत व अपने क्षेत्र के साथियों की मदद से वितरित की है. इतना ही नहीं पार्षदों ने बिना किसी भेदभाव के सेवा का श्रेष्ठ उदाहरण पेश करते हुए अपने अपने क्षेत्रों में न केवल चूना व सैनेटाईजर का छिड़काव कराया है, बल्कि विभिन्न संस्थाओं द्वारा निगम को उपलब्ध कराए गए भोजन पैकेट के वितरण में भी भरपूर सहयोग दिया है. जिसके लिए नगर निगम उनका आभारी है. मेयर वालिया ने बताया कि जिन लोगों के पास राशन कार्ड नहीं है, उनकी सूची पार्षदों व अन्य संस्थाओं द्वारा विभिन्न कार्यालयों को दी गई है, जिनकी जांच कराकर आगे कार्रवाइ की जा रही है.(साभार)










Add Comment