सहारनपुर. एक और जहां देशभर में लॉक डाउन चल रहा है वहीं दूसरी ओर अपराधी अपराध करने से बाज नहीं आ रहे हैं. इतनी सख्ती और पहरे के बीच भी अपराधी अपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए कोशिशों में लगे रहते हैं.
ऐसा ही एक मामला सहारनपुर से आया है जिसको जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी ने प्रेस वार्ता में सार्वजनिक किया. उन्होंने बताया कि थाना बेहट के रहने वाले पांच युवक कल सोमवार 11मई को जंगल ग्राम बाकरपुर में लूट डकैती की योजना बना रहे थे. मुखबिर की सूचना पर बेहट पुलिस मौके पर पहुंच गई और पांचो युवकों को लूट की योजना को अंजाम देने के लिए इकट्ठे किए गए सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया.
इन धाराओं में हुई गिरफ्तारी
पुलिस पांचों युवकों के खिलाफ गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में थाना बेहट पर मुकदमा संख्या 202/ 2020 धारा 399/ 402 भा द वि, मुकदमा संख्या 203/ 2020 धारा 307 भा द वि, मुकदमा संख्या 204/ 2020 धारा संख्या 3/ 25 आर्म्स एक्ट, मुकदमा संख्या 205/ 2020 धारा 3/ 25 आर्म्स एक्ट, मुकदमा संख्या 206/2020, धारा 4/ 25 आर्म्स एक्ट, मुकदमा संख्या 207/ 2020 धारा 4/ 25 आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार किया.
यह हैं अभियुक्त
पुलिस ने लूट डकैती की योजना बनाते हुए इमरान पुत्र नाजर, रियासत पुत्र वजीर, अखलाक पुत्र महमूद, मन्नान पुत्र अशरफ सभी निवासी धोला कुआं थाना बेहट जबकि शाहरुख पुत्र इस्लाम निवासी ग्राम बाकरपुर थाना बेहट को गिरफ्तार किया.
यह मिला सामान
पुलिस को अभियुक्तों के पास से एक अवैध बंदूक देसी 12 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, 3 नाजायज चाकू एक आलानकब और एक खुली जीप जिसका नंबर 12 जे 50 60 बरामद हुई.
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार पांचों अभियुक्त किसी भी घटना को अंजाम देते हुए जीप का इस्तेमाल करते हैं. सभी शातिर किस्म के अपराधी हैं पुलिस इन का अपराधिक इतिहास खंगालने में लग गई है.
मुखबिर की सूचना पर इन्होंने किया गिरफ्तार
थाना बेहट के वरिष्ठ उप निरीक्षक सत्य वीर सिंह, उप निरीक्षक सुनील कुमार, उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह और चार कांस्टेबल दीपेंद्र, अजीत नैन, नितिन कुमार और बिट्टू ने संयुक्त रूप से मुखबिर की सूचना पर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया.








Add Comment