लखनऊ/उत्तर प्रदेश. प्रदेश में कोरोना के मामलों में लगातार वृद्धि को देखते हुए योगी सरकार ने कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए अपनी रणनीति में बदलाव किया है. प्रदेश सरकार अब कोरोना के मरीजों के मोहल्लों में पुलिस बैठाएगी. इतना ही नहीं जहां भी संक्रमित मरीज होंगे उसके घर के आसपास बांस-बल्ली का घेरा बना दिया जाएगा. कंटेन्मेंट ज़ोन से कोई बाहर न निकले इसलिए पुलिस तैनात की जायेगी.
24 घंटे में 62 हजार लोगों पर कोरोना का वार
प्रदेश में शनिवार से रविवार दोपहर तक कोरोना वायरस संक्रमण के 6239 नए मामले सामने आए हैं. राज्य में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या अब 68 हजार को पार कर गई है. यूपी में कोरोना की चपेट में आकर जान गंवाने वालों की संख्या अब 4429 हो गई है. रविवार को उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने इस बात की जानकारी दी.
प्रसाद ने कहा कि 6239 नए मामलों के साथ ही प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या अब 3 लाख 12 हजार 036 हो गई है. इसमें से 2 लाख 39 हजार 485 मरीज इलाज के बाद पूरी तरह ठीक हो चुके हैं और उन्हें डिस्चार्ज किया जा चुका है. राज्य में फिलहाल कोरोना के 68 हजार 122 सक्रिय मामले हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है.
अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि 68 हजार 122 एक्टिव केस में से 36 हजार 329 लोग होम आइसोलेशन में हैं. अभी तक 1 लाख 53 हजार 543 लोगों ने होम आइसोलेशन का विकल्प चुना है. इनमें से 1 लाख 17 हजार 214 लोगों की होम आइसोलेशन की अवधि समाप्त हो चुकी है यानी ये लोग ठीक हो चुके हैं.
उत्तर प्रदेश में अभी तक 75 लाख से अधिक टेस्टिंग हो चुकी है. इतना टेस्टिंग करना वाला यूपी देश का पहला राज्य है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अब दो लाख टेस्ट प्रतिदिन करने की बात कही है. हम जल्द ही इसे भी हासिल कर लेंगे. प्रसाद ने कहा कि यूपी कुछ ही दिन में एक करोड़ टेस्टिंग करने वाला राज्य बन जाएगा.

Add Comment