पीएम केयर्स फंड को लेकर देश की राजनीति गरमा गई है. राजनीतिक गलियारों में लू चल रही है. कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी पर कर्नाटक के शिव मोगा जिले में सागर कस्बे की पुलिस ने बुधवार को प्रवीण के वी की शिकायत पर मामला दर्ज किया. शिकायतकर्ता का आरोप है कि कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट में निराधार आरोप लगाकर जनता के बीच अविश्वास पैदा करने का प्रयास किया गया है.
कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी पर मुकदमा दर्ज होने के बाद राजनीतिक गलियारे में गर्माहट बढ़ गई. कांग्रेस ने इसे प्रतिशोध की राजनीति करार दिया. पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत में एक प्रेस वार्ता कर कहा,
“यह अत्यंत निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है. हमारे ट्विटर हैंडल से सिर्फ पीएम केयर्स को लेकर ही सवाल किया गया था. हमें विश्वास नहीं हो रहा है कि यह लोग राजनीतिक प्रतिशोध के तहत इस हद तक चले जाएंगे. कर्नाटक सरकार को शर्म आनी चाहिए.”
सुप्रिया श्रीनेत ने आगे कहा
“हम एक लोकतंत्र में हैं. लोकतंत्र में विपक्ष को सवाल उठाने का अधिकार है. हम फिर से सवाल कर रहे हैं जब पीएम केयर्स कोष में पैसा है तो श्रमिकों की मदद क्यों नहीं की जा रही है?”
इस मुकदमे के बाद से भारतीय जनता पार्टी पर कांग्रेस जहां हमलावर हो गई है वहीं भाजपा की ओर से प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा की जा रही है. माना जा रहा है कि राजनीतिक गलियारे में सियासी तापमान जरूर बढ़ेगा.









Add Comment