बलिया/उत्तर प्रदेश. कभी-कभी जानवरों के पीछे व्यक्तियों की प्रतिष्ठा जुड़ जाती है और उस प्रतिष्ठा के लिए संघर्ष से लेकर खूनी संघर्ष तक की सूचनाएं मिलती हैं लेकिन बलिया से एक अलग मामला सामने आया है जहां दो पक्षों के झगड़े के कारण विधायक जी समर्थकों संग थाने में पहुंच गए और सिपाही का हल्का बदलवाकर ही उठे.
दरअसल पूरा मामला रेवती थाना क्षेत्र के रामपुर गांव का है. थाना क्षेत्र में बलिराम गुप्ता और मनान पड़ोसी हैं.22 मई को बलिराम गुप्ता का कुत्ता पड़ोस के रहने वाले मनान की बकरी पर हमला कर दिया. कुत्ते के हमले से बकरी किसी तरह बचकर निकल गई लेकिन नाराज मनान पक्ष के लोगों ने कुत्ते की पूंछ काट दी. 23 मई की रात इसी मामले पर बलिराम गुप्ता और मनान पक्ष में मारपीट हो गई जिसमें मनोज गुप्ता (27) और दूसरे पक्ष से मुन्ना मियां (26) वर्ष को चोट लग गई.
दोनों पक्षों में मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को खदेड़ने के लिए लाठी फटकार दी. इस दौरान बलिराम गुप्ता 62 की पुलिस ने पिटाई कर दी. बलिराम गुप्ता की पिटाई की सूचना स्थानीय विधायक के समर्थकों ने विधायक जी को दे दी. बस फिर क्या था? विधायक सुरेंद्र सिंह 24 तारीख यानी रविवार के दिन समर्थकों के साथ थाने पर पहुंच गए. विधायक जी का आरोप था कि एक सिपाही ने पीड़ित पक्ष के लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया. पूरी शिकायत सुनने के बाद सीओ बैरिया आरपी सिंह ने दुर्व्यवहार करने वाले सिपाही का क्षेत्र तत्काल बदल देने के निर्देश थानाध्यक्ष को दिए.
अब स्थानीय लोगों में इस बात की पूरी चर्चा है. लोग कहते सुने जा सकते हैं कि कुत्ते की पूंछ भी मूंछ का सवाल बन सकती है जिसके चलते इंसान इंसान को मारने पीटने ही नही जान तक लेने को तैयार हो जाता है और समर्थक होने के चलते नेता जी को आना पड़ जाता है.( साभार)
(सांकेतिक तस्वीर)

Add Comment