भोपाल/ मध्य प्रदेश. होने वाली दुल्हन से मजाक करना दूल्हे को खासा महंगा पड़ गया. दूल्हे के मजाक से नाराज दुल्हन ने शादी के लिए इंकार कर दिया. बड़ी मेहनत के बाद 108 बार, “मैं जोरू का गुलाम बन कर रहूंगा” लिख कर दिया तब जाकर कहीं होने वाली दुल्हन शादी के लिए राजी हुई.
क्या था विवाद
दरअसल पीटीआई भाषा के मुताबिक मुंबई में नौकरी करने वाले भोपाल के एक युवक और युवती की सगाई की रस्म की गई. नए चलन के मुताबिक युवती ने होने वाले पति को मजाक में एक वीडियो भेजा. वीडियो में पति बर्तन साफ कर रहा है और पत्नी के इशारों पर नाच रहा है. मंगेतर ने वीडियो के साथ लिखा कि शादी के बाद तुम पर भी यही लागू होगा. कुटुंब न्यायालय की काउंसलर सरिता राजानी ने पीटीआई को पूरे मामले का ब्यौरा बताते हुए कहा कि वीडियो देखने के बाद युवक ने युवती को जवाब दिया और कहा मैं इस श्रेणी में नहीं हूं. ऐसे लोगों की अलग श्रेणी होती है. राजानी के मुताबिक युवती को मंगेतर का यह जवाब नहीं भाया और उसने शादी करने से मना कर दिया. 20 मई को होने वाली शादी का रिश्ता 2 मई को टूट गया. परिवार के लोगों ने लड़की को मनाने की कोशिश की लेकिन युवती अपने जिद पर अड़ी रही.
मामला पहुंचा न्यायालय
लड़की के व्यवहार को देखते हुए लड़के के परिवार के लोग कुटुंब न्यायालय पहुंचे वहां 4 दिन तक लड़की और लड़के की काउंसलिंग की गई जिसके बाद दोनों शादी के लिए तैयार हो गए. राजानी के मुताबिक दोनों को समझाने में 4 दिन लग गए.
और लड़के को लिखना पड़ा आई लव यू
लड़की के नाराज होने पर लड़के ने केवल इतना जवाब दिया कि छोटी सी बात पर उसकी मंगेतर इतना बुरा मान जाएगी उसे नहीं पता था.
मामला यहीं खत्म नहीं होता है युवक ने ना केवल लड़की से माफी मांगी बल्कि 108 बार यह लिख कर दिया कि,” मैं जोरू का गुलाम बन कर रहूंगा”. युवक को लड़की को यह भी लिख कर देना पड़ा कि, “मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं”. इसके बाद कहीं जाकर दोनों की बात बनी और अब 10 जून को दोनों परिणय सूत्र बंधन में बंध जाएंगे.










Add Comment