✍ गौरव सिंघल, विशेष संवाददाता.
देवबंद/सहारनपुर। सहारनपुर जिले का कस्बा देबवंद अंतरराष्ट्रीय अपराधों का प्रमुख केंद्र बन गया है। एक बड़े घटनाक्रम के तहत क्राइम ब्रांच सहारनपुर और देवबंद पुलिस ने एसपी देहात अशोक मीणा की अगुवाई में लंबी जांच पड़ताल के बाद जाल बिछाकर देवबंद नगर के मोहल्ला अब्दुलहक निवासी कुख्यात अपराध मोहम्मद अंसार पुत्र मजाहिर हसन को भाजपा के नेता दीपक त्यागी से तीन लाख रूपए की रंगदारी मांगने के आरोप में आज गिरफ्तार कर लिया। सहारनपुर रेंज के डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने बताया कि उनके संज्ञान में यह मामला आया था। उनके निर्देश पर एसएसपी डा. एस चनप्पा ने इस मामले के खुलासे को अपराध शाखा के प्रभारी और देवबंद के पुलिस निरीक्षक अशोक सोलंकी को जिम्मेदारी सौंपी थी। पुलिस टीम ने एसपी देहात के निर्देशन में पूरी जद्दोजहद के बाद आज मोहम्मद अंसार उर्फ मजाहिर हसन को देवबंद के तल्हेड़ी पुलिस क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने बताया कि पूछताछ में आरोपी मोहम्मद अंसार ने बताया कि पिछले दिनों वह सऊदी अरब में था, जहां उसने इंटरनेट कालिंग के जरिए आपराधिक मामलों में महारथ हांसिल की और उस तकनीक का लाभ उठाकर रंगदारी के व्यवसाय में उतर गया। उसने देवबंद के गांव मकबरा निवासी दीपक त्यागी से पिछले दिनों इंटरनेट कालिंग के जरिए तीन लाख रूपए की रंगदारी मांगी और रकम अदा ना करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। बजरंग दल के प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने इस मामले में डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल और एसएसपी डा. एस चनप्पा से मिलकर कार्रवाई किए जाने की मांग की थी। एसएसपी ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ देवबंद कोतवाली में दीपक त्यागी की तहरीर पर आईपीसी की घारा 386/511/506 में मुकदमा दर्ज करा दिया था। देवबंद पुलिस ने आज ना केवल कुख्यात अंतरराष्ट्रीय अपराधी मोहम्मद अंसार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, बल्कि पीड़ित दीपक त्यागी का जीवन भी सुरक्षित बचा लिया। संघ और भाजपा के बड़े नेताओं ने इस उपलब्धि के लिए डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल और एसएसपी डा. एस चनप्पा का आभार व्यक्त किया। बजरंग दल के प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में अपराधियों को किसी भी कीमत पर वारदात नहीं करने दी जाएगी और उन्हें जेल के पीछे भेजा जाएगा।

Add Comment