सहारनपुर में नहीं रूक रहा है कोरोना का प्रकोप, एक ही दिन में 5409 नमूनों की जांच में 318 नए संक्रमित निकले, करीब 154 लोग सहारनपुर मंडल में कोरोना से गंवा चुके हैं अपनी जान
✍️ गौरव सिंघल, विशेष संवाददाता.
सहारनपुर. हरियाणा, हिमाचल और उत्तराखंड की सीमाओं से सटे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सबसे समृद्धशाली सहारनपुर मंडल में कोरोना का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है. एक ही दिन में करीब 5409 नमूनों की जांच में आज 318 के करीब नए संक्रमित मामले निकलने से एक बार फिर से लोगों में भय व्याप्त हो गया. मंडलायुक्त संजय कुमार ने अपने शिविर कार्यालय में आज दोपहर संवाददाता को बताया कि सहारनपुर मंडल में आज सुबह तक करीब 221967 नमूनों की जांच की जा चुकी है. प्रतिदिन पांच हजार से ज्यादा जाचें हो रही हैं. इसे और ज्यादा बढ़ाने के प्रयास जारी है.
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह के मुताबिक सहारनपुर में आज सुबह तक करीब 121 नए केस निकले. मुजफ्फरनगर जिले में करीब 113 और शामली में करीब 84 केस निकले. कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि पूरे सहारनपुर मंडल में करीब 11908 संक्रमित मामले शेष हैं और पूरे मंडल में करीब 2162 रोगी हैं जिनका कोविड अस्पतालों में इलाज चल रहा है.
सूत्रों के मुताबिक सहारनपुर मंडल के करीब 150 लोग पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न बड़े प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती हैं. कोरोना का सबसे ज्यादा असर सहारनपुर शहर और देवबंद कस्बे में बना हुआ है. देवबंद की रेलवे रोड़ के निकट कालोनियों कैलाशपुरम, ब्रह्मपुरी, लाजपतनगर, छिम्पीवाड़ा, नेचलगढ़ में बना हुआ है. जहां परिवार के परिवार कोरोना संक्रमण की मार झेल रहे है. सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं इस महामारी के सामने लाचार और बेबस दिखाई दे रही है. संसाधनों का भारी अभाव है. दवाओं और आक्सीजन की कालाबाजारी होने की खबरे मिल रही है और सहारनपुर का कोविड-19 का राजकीय मेडिकल कालेज संक्रमितों का उपचार करने में नाकाफी और अपर्याप्त साबित हो रहा है.
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह के मुताबिक सहारनपुर जिले में करीब 1502 रोगी सक्रिय हैं, शामली जिलाधिकारी जसजीत कौर के मुताबिक वहां करीब 485 कोरोना रोगी सक्रिय हैं और मुजफ्फरनगर जिले में करीब 1175 कोरोना रोगियों का उपचार चल रहा है.

Add Comment