सहारनपुर मंडल में 4184 नमूनों की जांच में 270 कोरोना संक्रमित निकले मंडल में 152 के करीब हुई जान गंवाने वालों की तादाद सहारनपुर मंडल में करीब 220742 लोगों की हो चुकी है कोरोना जांच, बीमारी के बढ़ने से पूरे वेस्ट यूपी में लोगों में दहशत
✍️ गौरव सिंघल, विशेष संवाददाता
सहारनपुर। कोरोना के संक्रमण का प्रहार ढीला होता नहीं पड़ रहा है। लोग अब बुरी तरह से सहमे और डरे हुए हैं। कस्बों में बुरा हाल है। कालोनियों के कालोनियों और परिवार के परिवार संक्रमित होने से घरों में ताले लगाकर प्राइवेट नर्सिंग होमों में उपचार के लिए दौड़ लगा रहे हैं। प्रशासन की सारी जद्दोजहद के बावजूद और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों के बावजूद कोविड-19 सरकारी अस्पतालों का बुरा हाल है। वहां रोगियों के लिए सुविधाएं मात्र औपचारिक साबित हो रही हैं। स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सक प्रशासनिक अफसरों का असर नहीं ले रहे हैं और अस्पतालों और मरीजों के प्रति हो रहे लापरवाही में कोई सुधार नहीं होते दिख रहे हैं।
कमिश्नर संजय कुमार ने आज पत्रकारों को बताया कि सहारनपुर मंडल में 270 कोरोना के नए मामले सामने आए हैं। एक ही दिन में मंडल में 4184 नमूनों की रिपोर्ट आई थी। जिसमें 270 संक्रमित निकले। सहारनपुर में कोरोना का कहर सबसे ज्यादा है, जहां 108 नए कोरोना संक्रमित निकले हैं। मुजफ्फरनगर में 103 और शामली में 59 कोरोना संक्रमित निकले हैं। कमिश्नर संजय कुमार ने मुजफ्फरनगर जिले में कोरोना की सैंपलिंग कम होने पर आज गहरी नाराजगी जताई। सहारनपुर जिले में जहां आज तक करीब 125742 नमूनों की जांच की जा चुकी हैं वहीं मुजफ्फरनगर जनपद में वहां का स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन मात्र 35772 लोगों की जांच करा पाया है जो गहरी चिंता का विषय है। मुजफ्फरनगर से छोटा जनपद शामली है, जहां 55044 जांच हो चुकी हैं। सहारनपुर मंडल में करीब 152 जान अभी तक जा चुकी है। सबसे ज्यादा मौतें 82 के करीब सहारनपुर जिले में बताई गई हैं। सहारनपुर जनपद में प्रशासन प्राइवेट नर्सिंग होमों को भी कोविड-19 उपचार के लिए ठीक से तैयार नहीं कर पाया है। बड़ी संख्या में लोग गाजियाबाद के यशोदा, दिल्ली के मैक्स, नोएडा और दूसरे बड़े नर्सिंग होमों का रूख कर रहे हैं। यानि जो जिले के बड़े अफसर हैं और कोरोना संक्रमित निकले हैं उनमें से कई अफसर जेपी अस्पताल नोएडा में भर्ती हैं। सहारनपुर मंडल में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या करीब 11587 है। इनमें सबसे ज्यादा 6092 के करीब सहारनपुर में, 3624 के करीब मुजफ्फरनगर में और 1871 के करीभ शामली जिले में है। सहारनपुर के जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि सहारनपुर में आज सुबह तक करीब 4504 रोगी स्वस्थ होकर अपने-अपने घरों को भेजे जा चुके हैं। शामली की जिलाधिकारी जसजीत कौर के मुताबिक वहां 1371 के करीब लोग स्वस्थ हो चुके हैं और मुजफ्फरनगर जिले में करीब 2418 रोगी स्वस्थ हुए हैं। लोग सरकारी सुविधाओं से बचकर प्राइवेट में निजी रूप से ऊंची दर पर निजी अस्पतालों में जाकर अपनी जांच करा रहे हैं और वहीं पर उपचाराधीन भी है। विपक्षी दलों का आरोप है कि उत्तर प्रदेश के नौकरशाही सीधे-साधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कोरोना के गंभीर खतरों को लेकर गुमराह कर रही है इससे स्थिति भयावह बनी हुई है।

Add Comment