कानपुर. कोरोना वायरस के प्रभाव के चलते देश में नागरिकों को सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क पहनने की प्रेरणा लगातार दी जा रही है. मास्क ना पहनने की स्थिति में पुलिस चालान कर रही है. आम आदमी का चालान हो तो समझ में आता है लेकिन जब इंस्पेक्टर, इंस्पेक्टर जनरल यानी आईजी साहब का चालान कर दें तो यह अपने आप में बड़ी घटना है.
ऐसा ही एक मामला कानपुर से सामने आया है जहां थाना बर्रा का निरीक्षण करने पहुंचे आईजी मोहित अग्रवाल का मास्क के ना पहनने पर इंस्पेक्टर ने 100 रुपये का चालान काट दिया. पुलिस सख्ती की यह घटना अपने आप में हैरान करने वाली है लेकिन इसके पीछे की कहानी कुछ और है.
दरअसल मास्क पहनने की प्रेरणा देने और ना पहनने पर सजा का संदेश देने के लिए आईजी कानपुर रेंज मोहित अग्रवाल ने थाने पहुंचकर कुछ देर के लिए मांस हटा लिया लेकिन जल्द ही उन्हें एहसास हुआ कि सार्वजनिक स्थल पर मास्क पहनना जरूरी है. उन्होंने तत्काल इंस्पेक्टर बर्रा थाना को आदेशित किया कि वह उनका चालान करें. आईजी के आदेश पर इंस्पेक्टर ने 100 रुपये का चालान काट दिया. हालांकि आईजी मोहित अग्रवाल ने कहा कि यह घटना साधारण थी लेकिन इस संक्रमण को देखते हुए बहुत बड़ी चूक थी. इसलिए कानून का पालन उन्होंने स्वयं कराया. साथ ही साथ सभी को कानून के पालन करने के निर्देश भी दिए. उन्होंने जनता से मास्क पहनने की अपील की. बिना मास्क वालों पर सख्त कार्रवाई करने के आदेश आईजी ने संबंधित थाना प्रभारी को दिए.










Add Comment