‘आप हमें स्थान दो, हम आपको पेड़—माली देंगे’- नगरायुक्त
नगरायुक्त ने किया समाजसेवी संगठनों, पर्यावरण प्रेमियों से आह्वान
वृक्षारोपण को हम अपनी कार्य संस्कृति बनाना होगा : नगरायुक्त
सहारनपुर. नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने वृक्षारोपण को अपनी कार्य संस्कृति बनाने का आह्वान करते हुए पर्यावरण प्रेमियों, स्वयं सेवी संगठनों और समाज के प्रबुद्ध लोगों से कहा — ‘आप हमें स्थान दीजिए, हम आपको पेड़ और माली देंगे’. निगम चाहता है कि सहारनपुर महानगर को कार्बन न्यूट्रल बनाने के अभियान में हर कोई साझीदार बने, तभी सहारनपुर क्लीन और ग्रीन बन सकेगा.
नगरायुक्त ने अपने कार्यालय में पर्यावरण के प्रति जागरुक लोगों तथा विभिन्न सामाजिक एवं स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निगम ने सहारनपुर महानगर को कार्बन न्यूट्रल बनाने का संकल्प लिया है. इसके तहत पूरे महानगर में लगभग पचास हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना, स्काउट गाइड व एनसीसी कैडेटस को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा. पर्यावरण दिवस से शुरू किया गया यह अभियान अगस्त माह तक चलेगा. उन्होंने बताया कि राकेश कैमिकल्स से भारत माता चौक तक ग्रीन बेल्ट तथा ढमोला नदी के किनारे भी एक ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी। इसके अतिरिक्त महानगर के सभी तालाबों के चारों ओर तथा सभी पार्कों में वृक्षारोपण किया जाएगा. उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण एवं जल संरक्षण को हमें अपनी कार्य संस्कृति बनाना होगा, तभी हम पर्यावरण संतुलन बनाए रख सकते हैं. उन्होंने कहा कि कोरोना से निपटने में भी वृक्ष हमारे बड़े मददगार हो सकते हैं, लेकिन यह सब तभी संभव है जब यह अभियान एक जन आंदोलन बनेगा.
कालेज प्रबंध समितियों की परिषद के मंडलीय अध्यक्ष एवं जैन इंटर कालेज के पूर्व प्रधानाचार्य कुलभूषण जैन ने सभी विद्यालयों में वृक्षारोपण कराने के साथ ही स्कूली छात्रों को भी इस अभियान से जोड़ने का सुझाव दिया. समाजसेवी गोपाल शर्मा ने प्रत्येक वार्ड स्थान चिन्हित कर खाली स्थानों पर वृक्षारोपण कराने पर बल दिया. डा. वीरेन्द्र आजम ने महानगर के सभी बड़ी और विकसित कालोनियों तथा अनेक स्थानों पर निगम की खाली पड़ी भूमि पर भी वृक्षारोपण कराने का सुझाव दिया. इंडियन हबर्स के अशोक धीमान ने नगरायुक्त को आश्वस्त किया कि इस अभियान में इंडियन हबर्स पूरा सहयोग करेगा. बैठक में शिक्षाविद् गिरीश पचौरी व राकेश कुमार के अतिरिक्त निगम के उद्यान प्रभारी दिनेश यादव, अधिशासी अभियंता जल निगम सतीश सिंघल, अतिक्रमण प्रभारी डीएच नकवी आदि उपस्थित रहे.











Add Comment