सहारनपुर. उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कोरोना के खिलाफ पीएम की अपील पर पूरा जनपद बंद रहा. जनता के द्वारा जनता के लिए लगाया गया कर्फ्यू कामयाब रहा.
जैसे ही शाम पांच बजे लोग अपने घरों के बाहर, छतों पर, बालकनी में आये और थालियां, तालियां बजाकर अपनी एकता का इज़हार किया साथ ही उन लोगों का भी आभार जताया जो कोरोना की महामारी के खिलाफ अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
नगर के विभिन्न क्षेत्रों में जनता कर्फ्यू का प्रभाव सुबह से ही देखा जा रहा था. व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों को बंद कर और लोगों ने घरों से ना निकल कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी निष्ठा और कोरोना से लड़ने की अपनी इच्छा शक्ति को जाहिर किया. आमजन ने शंखनाद कर सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर साथ देने का और कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया. सड़के सूनी रही, लोग सड़कों पर नहीं आए.शाम 5:00 बजे नजारा ही बदल गया. चारों ओर से शंखनाद हुआ खूब तालियां बजीं, तालियां बजीं और एक दूसरे के प्रति लोगों ने अपनी एकता को प्रदर्शित किया.
सुबह से ही जनपद के जिलाधिकारी अखिलेश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी ने अपनी टीम के साथ मोर्चा संभाले रखा. आवश्यकता की वस्तुओं की दुकानों को छोड़कर सभी दुकानों को पूरी तरह बंद रखा गया. पहली बार इतने बड़े कर्फ़्यू को देखा गया.



Add Comment