नई दिल्ली. देश मे अचानक लॉक डाउन हो जाने के कारण देश के विभिन्न क्षेत्रों में अपने घरों से दूर हज़ारों प्रवासी मजदूर, तीर्थयात्री, पर्यटक और छात्र फंस गए हैं.अब केंद्रीय गृह मंत्रालय ने ऐसे लोगों को उनके घर भेजने के लिए खास प्लान तैयार किया है और इस बारे ने बुधवार को गाइडलाइन भी जारी कर दी है. ऐसे लोगों में बिहार-झारखंड के लोगों की संख्या सबसे अधिक है. ट्रेन-प्लेन के बंद और आम वाहन के सड़क पर न दौड़ने के कारण सभी लोग अपने घर वापसी कैसे करेंगे यह बड़ा सवाल है. इसी का जवाब है आज का यह खास लेख. जानिए अगर आप फंसे हुए हैं तो आपकी घर वापसी कैसे होगी.
पहले समझिए कि क्या सरकार ने आपको घर जाने की अनुमति दी है
जी नहीं, केंद्र सरकार ने आपको कहीं भी आने-जाने की अनुमति नहीं दी है बल्कि राज्य सरकारों को अपने नागरिकों को लाने और ले जाने की अनुमति प्रदान की है. सीधी भाषा में कहें तो यदि आप कहीं फंसे हैं तो आप खुद से घर नहीं पहुंच सकते हैं.
क्या कहते हैं आदेश और कैसे आपके होंगे मददगार
1-आदेश के मुताबिक, अगर आप अपने राज्य से बाहर किसी दूसरे प्रदेश में फंसे हैं तो आपको अपने राज्य की ओर से भेजी जाने वाली बसों का इंतजार करना होगा.
2-सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश सरकारें बसों से अपने नागरिकों को ला सकती है या फिर दूसरे प्रदेश के नागरिकों को वहां बसों में भेज सकती है.
3-ध्यान रहे ट्रेनों का संचालन नहीं होगा. यानी, आप सिर्फ और सिर्फ बस और वो भी सिर्फ प्रदेश सरकारों की तरफ से इंतजाम किए गए बसों पर ही निर्भर होंगे.
4- अगर आपके प्रदेश की सरकार ने आपके यहां बसें भेजने का फैसला किया तो आपको उस लोकल नोडल अथॉरिटी का पता करना होगा जहां आप घर जाने के लिए रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं. जी हां, आदेश की कॉपी में साफ किया गया है कि सरकारें नोडल अथॉरिटी के जरिए जाने वालों का रजिस्ट्रेशन करवाएंगी.
5-अगर आप में कोरोना के संक्रमण से होने वाली बीमारी कोविड-19 के कोई लक्षण नहीं हैं, तभी आपको घर जाने की अनुमति दी जाएगी. रजिस्ट्रेशन करवाते समय आपके स्वास्थ्य की जांच होगी.
6-जांच में बिल्कुल फिट पाए जाने के बाद आपको घर जाने की अनुमति दी जाएगी. आपको अपने प्रदेश सरकार की ओर से भेजी गई बस या फिर जहां हैं, वहां की सरकार की तरफ से आपके प्रदेश जाने वाली बस में बारी बारी से बिठाया जाएगा.
7- बस में भी सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना होगा. यात्रा के दौरान किसी से घुलना-मिलना नहीं होगा.
8-यह गलतफहमी मन से निकाल दीजिए कि आप घर पहुंचते ही सबसे घुलने-मिलने लगेंगे. ऐसा नहीं होगा. बस से उतरते ही आपकी स्वास्थ्य जांच होगी. अगर सब ठीक-ठाक रहा तो आपसे कहा जाएगा कि कुछ दिनों तक होम कोरेंटाइन में रहें.
9-आपको घर में ही रहने की अनुमति होगी लेकिन परिवार के सदस्यों से दूरी बनाकर. स्वास्थ्य जांच में कुछ गड़बड़ी पाई गई तो आपको वहीं से सीधे अस्पताल या अन्य स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया जाएगा. आपकी समय-समय पर जांच होती रहेगी.
10-आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करना होगा. इससे आपकी निगरानी होगी साधी ही आप भी जान सकेंगे कि आप खतरे में हैं या नहीं.


Add Comment