News Delhi. कोरोना को हराने के लिए विश्वव्यापी प्रयास जारी हैं. हर देश अपने अपने तरीके से कोरोना को मात देने के लिए कोशिश कर रहा है. भारत में भी इसको लेकर अलग-अलग प्रयास जारी हैं. लेकिन इन कोशिशों के क्रम में एक अनोखा तरीका सामने आया है. सोशल मीडिया पर कुछ फोटो बड़ी तेजी से वायरल हो रही है. कोरोना को हराने के लिए गोमूत्र पार्टी का आयोजन किया जा रहा है.
दरअसल, फेसबुक पर हिन्दू महासभा की ओर से गोमूत्र पार्टी के आयोजन की तस्वीरें वायरल हो रही हैं. हिंदू महासभा की ओर से कोरोना को हराने के लिए गोमूत्र पार्टी का आयोजन किया जा रहा है. हिंदू महासभा के अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि ने इसके बारे में कहा है, ” जैसे हम टी पार्टी आयोजित करते हैं उसी तरह हमने गोमूत्र पार्टी आयोजित करने का फैसला किया है, जिसमें हम लोगों को कोरोना वायरस के बारे में बताएंगे.
अपने विवादित बयानों से हमेशा चर्चा में रहने वाले चक्रपाणि गोमूत्र पार्टी करके कोरोना को हराने का दावा कर रहे हैं. भारत में तकरीबन 80 के करीब मामले कोरोना के सामने आ चुके हैं. जिसमें लोगों में काफी डर पैदा हो गया है. इसी डर को देखते हुए हिंदू महासभा की ओर से कल यानी शनिवार को गोमूत्र पार्टी का आयोजन किया जाएगा.
स्वामी चक्रपाणि ने कहा, ” देश में कोरोना वायरस का खौफ बढ़ रहा है लेकिन हमारी जीवन पद्धति में ही इससे बचने का उपाय है. कोरोना वायरस से निपटने के लिए हम दिल्ली में एक गोमूत्र पार्टी का आयोजन कर रहे हैं, जहां पहले हवन होगा फिर कुल्लड़ में गोमूत्र पिलाया जाएगा उसके बाद मारक और शक्तिशाली भजनों का पाठ किया जाएगा.”
स्वामी चक्रपाणि ने गोमूत्र की विशेषता बताते हुए कहा,” गोमूत्र में 32 तरह के ऐसे तत्व होते हैं, जो शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को ठीक रखते हैं. गोमूत्र के सेवन के बाद कोरोना होगा ही नहीं. यदि किसी को कोरोना हो जाए तो गोमूत्र के सेवन से धीरे-धीरे ठीक हो जाएगा. गोमूत्र में शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने की ताकत होती है. यह शास्त्रों में भी लिखा है. हमारी कई देशों में शाखाएं हैं. पूरे भारत में हम इस तरह की पार्टी करेंगे और कोरोना से बचाव की तैयारी करेंगे.”
स्वामी ने आगे कहा, हम नहीं चाहते थे कि भारत में करोना के ऐसे हालात बनें. इसलिए कोरोना से बचने के लिए आयुर्वेदिक उपाय अपनाने पर जोर दिया जाएगा.
हिंदू महासभा के द्वारा जारी पोस्टर और तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. गौरतलब है कि कोरोना को लेकर भारत सरकार ने अलर्ट जारी किया है. कई राज्यों में स्कूलों को 31 तारीख तक बंद कर दिया गया है.

Add Comment