- कोरोना को लेकर अफवाहों पर ध्यान न दें : नगर मजिस्ट्रेट
- न ही सब्जी मंडी बन्द होगी और न ही आटा स्टॉक कर पाएंगे
SANKALP NAIB
सहारनपुर. कोरोना को लेकर लोगों में पल रहे खौफ़ का फायदा भी कुछ लोग उठा रहे हैं. ऐसे लोग महामारी को मौके के रूप में भुनाने की कोशिश में लगे हैं, जिसको लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बरतने के संकेत दिए हैं. दरअसल, कोरोना को लेकर शहर में अफवाह है कि जल्द ही मंडी बंद हो जाएगी और आटा खत्म हो जाएगा यानी मार्केट पूरी तरह से बंद हो जाएगी. इन अफवाहों को लेकर प्रशासन ने सख्ती करनी शुरू कर दी है. अफवाहों को देखते हुए नगराधीश को खुद आगे आना पड़ा. पूरे प्रकरण पर नगर मजिस्ट्रेट एस के सोनी ने कहा कि कोरोना वायरस को लेकर असामाजिक तत्व अफवाहे उड़ा कर शहर का माहौल खराब कर रहे है, जिन्हें चिन्हित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग कह रहे हैं कि कोरोना के चलते सब्जी मंडी बन्द हो जाएगी, जबकि ऐसा कुछ नही होने वाला है. सिटी मजिस्ट्रेट ने जोर देकर कहा कि सब्जी मंडी बन्द किये जाने जैसी कोई बात नहीं है. यह केवल एक अफवाह है.
बता दें कि शहर में इस तरह की अफवाह फैलाई गई है कि, सब्जी मंडी बन्द हों जायेगी. इसी अफवाह को भुनाने का काम भी हो रहा है. 15 रुपये किलो के प्याज़ 40 रुपये बेची जा रही है. इतना ही नहीं अनाधिकृत रूप से आटा स्टॉक किये जाने की खबरें हैं. प्रशासन का कहना है कि अफवाहों पर ध्यान ना दें, अगर कोई अफवाह फैला रहा है तो उसकी जानकारी प्रशासन को दें.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी ने पुलिस क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में सभी थानों को सजग रहते हुए कोरोना से बचने और अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित कराने के भी आदेश दिए हैं.


Add Comment