नयी दिल्ली : कांग्रेस में जान फूंकने के मकसद से पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बड़ा फेरबदल किया है. जहां लेटर लिखने वाले नेताओं को महासचिव पद से छुट्टी करते हुए दरकिनार किया गया है वहीं रणदीप सुरजेवाला, तारिक अनवर और जितेंद्र सिंह को पार्टी में महासचिव नियुक्त किया गया है.
कुछ समय पहले तक प्रदेश के पश्चिमी हिस्से का प्रभार संभाल रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के बाद खाली हुई सीट समेत पूरे उत्तर प्रदेश के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा को प्रभार दिया गया है.
पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, अब तक उप्र-पूर्व की प्रभारी महासचिव की जिम्मेदारी निभा रही प्रियंका गांधी वाड्रा को अब पूरे प्रदेश के प्रभारी का जिम्मा आधिकारिक रूप से सौंप दिया गया है.
किसको कहां से क्या जिम्मेदारी
- पार्टी ने मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला को कर्नाटक के लिए महासचिव प्रभारी की जिम्मेदारी दी है.
- पिछले लोकसभा चुनाव से पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से कांग्रेस में वापसी करने वाले अनवर को महासचिव बनाकर केरल एवं लक्षद्वीप का प्रभार सौंपा गया है.
- ओडिशा के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे जितेंद्र सिंह को महासचिव बनाकर असम की जिम्मेदारी दी गई है.
- असम के महासचिव प्रभारी उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को पंजाब का प्रभार सौंप दिया गया है.
- हरियाणा के प्रभारी गुलाम नबी आजाद, जम्मू-कश्मीर की प्रभारी अंबिका सोनी, वोरा (पार्टी प्रशासन) और महाराष्ट्र के प्रभारी की मल्लिकार्जुन खड़गे को महाराष्ट्र के प्रभारी पद से पैदल कर दिया गया है. चारों नेता पार्टी में महासचिव के पद पर भी थे.
- सोनिया गांधी को संगठनात्मक बदलाव के लिए पत्र लिखने वाले 23 नेताओं में शामिल आजाद को महासचिव पद से हटाने के साथ ही सीडब्ल्यूसी में स्थान दिया गया है.
- प्रियंका, सुरजेवाला, अनवर, जितेंद्र सिंह, रावत, ओमन चांडी, मुकुल वासनिक, अजय माकन और वेणुगोपाल के तौर पर पार्टी में कुल नौ महासचिव होंगे.
- वेणुगोपाल अब भी संगठन का प्रभार देखेंगे तो पहले कई राज्यों का प्रभार संभाल रहे वासनिक अब सिर्फ मध्य प्रदेश का प्रभार देखेंगे.
- कांग्रेस नेतृत्व ने कई नये प्रभारी भी नियुक्त किये हैं और कई प्रदेशों के प्रभार में फेरबदल भी किये हैं.
- पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल को पार्टी प्रशासन, रजनी पाटिल को जम्मू-कश्मीर, राजीव शुक्ला को हिमाचल प्रदेश, जितिन प्रसाद को पश्चिम बंगाल और अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह ओर दिनेश गुंडूराव को तमिलनाडु, पुडुचेरी और गोवा के प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है.
- इसके साथ ही मणिकम टैगोर को तेलंगाना, चेल्लाकुमार को ओडिशा, एचके पाटिल को महाराष्ट्र, देवेंद्र यादव को उत्तराखंड, विवेक बंसल को हरियाणा, मनीष चतरथ को अरुणाचल प्रदेश एवं मेघालय, भक्त चरण दास को मिजोरम एवं मणिपुर तथा कुलजीत सिंह नागरा को सिक्किम, नगालैंड और त्रिपुरा का प्रभारी बनाया गया है.

Add Comment