कोरोनाकाल में तोताराम की भविष्यवाणी
सभी लोग घर बैठे बोर हो रहे हैं। कोरोनाकाल कि वजह से लॉकडाउन के योग बने हुए हैं। सभी को अपने भविष्य की चिंता सताए जा रही है। जिनका ब्याह होना था वो कोरोना को गरम पानी पीकर कोस रहे हैं। जिनके ब्याह हो चुके हैं वो लॉकडाउन के चलते घर पर बीबी के हाथों का नीम का काढ़ा और गिलोय का रस नाक बंद कर चढ़ाए जा रहे हैं। निब्बा और निब्बी एक दूसरे को मिलने को आतुर हैं। लेकिन इस लॉकडाउन काल में उन्हें घर के बाहर पुलिस की वर्दी में राहु नजर आ रहा है। जो उनके मिलन की बेला पर सेनेटाइज किये हुए लठ से स्वागत करने को आतुर हैं।निब्बी घर बैठे सुबक रही है। वह कई बार निब्बा को कॉल कर चुकी है। एक दो बार तो उधर से निब्बा के अब्बा की आवाज सुनकर वो फोन काट चुकी है। निब्बा भी व्याकुल है। वो आजकल प्रेम करने के डिजिटल तरीके नामक किताब पढ़ रहा है। इस किताब की पीडीएफ उसके एक दोस्त ने व्हाट्स एप्प पर भेजी है। उसका दोस्त इस किताब के नुस्खे पढ़कर 6 निब्बियों का एक लौता निब्बा बना हुआ है। अब इधर वाले ने भी डिजिटल प्रेम के 101 तरीके रट लिए हैं। वो व्हाट्स एप्प वीडियो कॉलिंग के माध्यम से प्रेम की पतंग उड़ा रहा है। बीच-बीच में जालिम नेटवर्क प्रेम की पतंग काट रहा है। लेकिन निब्बा का जोश बना हुआ है।
इसी बीच तोताराम की भविष्यवाणियां व्हाट्स पर खूब वायरल हो रही हैं। लोग कोरोनाकाल के निपटने की तारीख जानने को उत्सुक हैं। लॉकडाउन को लॉकअप कब भेजा जाएगा ये सुनने और पढ़ने को भयाक्रांत जन आतुर हैं। तोताराम ने बारह राशियों को अलग-अलग विस्तार से बाँचा है। ये राशिफल केवल कोरोनाकाल तक ही वैध रहेगा। कोरोनाकाल गुजर जाने के बाद इन भविष्यवाणियों को भी गुजरा हुवा समझा जाये।
मेष: मेष राशि के जातक कोरोनाकाल से उपजे लॉकडाउन का पालन करें। अन्यथा तसरीफ के लाल होने की पूरी संभावना है। बीच सड़क पर मुर्गा अथवा मुर्गी बनने के पूर्ण योग हैं। मेढ़क अथवा घोड़ा चाल चलनी पड़ सकती है। माथे पर “मैं समाज का दुश्मन हूँ”,लिखा स्टिकर चिपकने के योग बन रहे हैं।
वृषभ : सांड के सींग मारने के योग बन रहे हैं। सांड से 6 मीटर की दूरी बनाएं रखें। उसके छींकने और पैरोँ को पटकने पर विशेष सावधानी बरतें । लाल कमीज पहनने से बचे। इस प्रभाव से बचने के लिए हनी सिंह के रैप सुन सकते हैं।
मिथुन : रियल लाइफ में मिथुन बनने की कतई कोशिस न करें। अन्यथा ठुकाई की पूरी संभावना है। घर के अंदर रहें। घर पर रहकर डिस्को- डांसर गीत पर ठुमक सकते हैं। उम्र के हिसाब से उत्पात मचाएं। अधिक उत्पात मचाने पर पतियों के सन्निपात में जाने की लिखित संभावना है।
कर्क: कर्क राशि वालों को दर्द मिलने की 24 कैरेट संभावना है। आपको दो किलो प्याज काटने पड़ सकते हैं। जिससे पूरे दिन आंखों से आंसू छलकेंगे। भजिया तलकर, मटर और गुहिया छीलकर प्याज वाले प्रभाव को कम किया जा सकता है।
सिंह : सिंह राशि के जातकों को चूहे बनने की सौ टका गारंटी है। पत्नी से क्लेश और बेलन से कुटाई का महायोग बना हुआ है। शनि की डायरेक्ट दृष्टि आप पर गढ़ी हुई है। इससे बचने के लिए घर के अंदर एक कमरे में खुद को आइसोलेट कर सकते हैं। बर्तन माँझ कर शनि के प्रभाव को कम किया जा सकता है।
कन्या : कन्याओं से डिजिटल मेलजोल की प्रबल संभावनाएं हैं। फेसबुक पर 24 घंटे लॉगिन रहें। ट्विटर और व्हाट्स एप्प पर भी बराबर नजरें गढ़ाए रखें। जल्द ही प्रेम प्रस्ताव मिलने के योग बन रहे हैं। योग को मौके में बदलने के लिए शशि थरूर के भाषण सुन सकते हैं।
तुला: आपके साहस को कोई तोल नहीं सकता। आप बेतोल हैं। कोरोनाकाल में पत्नी से सामंजस्य बना रहेगा। पत्नी की बातों का नपा-तुला जवाब दें। ज्यादा मुंह लगने की आवश्यकता नहीं है। अथवा तराजू के बाट जैसी किसी वस्तु से घायल हो सकते हैं।
वृश्चिक: आप अनिश्चिताओं से घिरे रहेंगे। निब्बी के लिए चॉकलेट खरीदने के दौरान पुलिस के डंडे पड़ने की पूरी संभावना है। मन बैचेन रहेगा। घर से बाहर निकलने के लिए पैरों में खुजली मच सकती है।
धनु : पुलिस की लाठी तीर के समान चुभ सकती है। घर के अंदर ही रहें। बाहर गली में कौन निकला है ये देखने के लिए भी बाहर न निकलें। लॉकडाउन में आपका बीपी अप होने की संभावना बनी हुई है।
मकर: पत्नी के सामने कोई भी अगर-मगर ना करें। कोविड-19 से संबंधित सरकारी आदेश , साथ ही पत्नी के निर्देशों का जिम्मेदारी से पालन करें।
कुंभ: आपके झूठ का कुम्भ भर चुका है। अब तक पत्नी से बचने , रात को देर से घर आने के जो भी बहाने बनाये थे वो धरे रह गए हैं। अब पत्नी के साथ एक ही घाट पर आकर गृहस्थी के कुम्भ में नीर भरना पड़ेगा। बर्तन माँजने, बच्चे की पोट्टी साफ करने का उत्तम योग बन रहा है।
मीन: इस राशि के जातकों को खुद को मीन समझकर घर की दहलीज से बाहर नहीं फिसलना है। अन्यथा पत्नी के हाथों से बर्तन-भांडे , पुलिस के हाथों से डंडे फिसलते देर न लगेगी। कोरोनाकाल में विशेष सतर्क रहने की आवश्यकता है। घर से बाहर निकलना, मछली का पानी से बाहर निकलने जैसा हो सकता है। प्राण संकट में पड़ सकते हैं।
तोताराम के राशिफल पर लोग ठोक-पीट के विश्वास कर रहे हैं। इसके अलावा तोताराम ने भविष्यवाणी की है किसी भी राशि के जातक को कोरोना तब तक नहीं होगा जबतक वो कोरोना से मिलने घर से बाहर नहीं निकलेगा। सावधानी हटी ,दुर्घटना घटी वाले जुमले के स्टाइल में कोरोनाकाल में कुछ भी घट सकता है। इसीलिए घर पर रहें -सुरक्षित रहें। पत्नी से बनाकर रहें।
ललित शौर्य
(मूल नाम: ललित मोहन राठौर)
ग्राम+पोस्ट-मुवानी
जिला -पिथौरागढ़
उत्तराखंड( लेेेखक वरिष्ठ साहित्यकार हैं)










Add Comment