सहारनपुर/ उत्तर प्रदेश. लॉकडाउन को लेकर जिलाधिकारी ने स्थिति स्पष्ट की है. सभी साप्ताहिक बंदी को खत्म करते हुए केवल रविवार के दिन पूरी तरह से तालाबंदी रहेगी.
शनिवार शाम मीडिया से मुखातिब होते हुए जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में कोविड-19 के मामले लगातार सामने आ रहे हैं जिसको रोकने के लिए पूर्ण लॉकडाउन करने का फैसला लिया गया है. इसके तहत रविवार के दिन पूरी तरह से बाजार बंद रहेगा. इतना ही नहीं बाहर निकलने पर भी पाबंदी रहेगी. उन्होंने बताया कि यदि कोई भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करेगा तो उसके खिलाफ कोविड-19 एक्ट यानी महामारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी.
रविवार के दिन इन व्यवस्थाओं पर नहीं रहेगा प्रतिबंध
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह के मुताबिक रविवार के दिन पूर्ण तालाबंदी रहेगी लेकिन मेडिकल सेवाएं, इमरजेंसी सेवाएं, आवश्यक सेवाएं जैसे दूध इत्यादि यह जारी रहेंगी. इसके अलावा बाकी सभी सेवाएं स्थगित रहेंगी. उन्होंने बताया कि सहारनपुर में बाहर से आने वालों के लिए पास की आवश्यकता होगी. रविवार के दिन पूरे जिले के बॉर्डर सील रहेंगे, प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा.
सप्ताहिक बंदियों पर क्या बोले जिलाधिकारी
जनपद में साप्ताहिक बंदी पर जिलाधिकारी ने कहा कि सोमवार मंगलवार और शुक्रवार को संस्थान बंद करने की जरूरत नहीं है पूरे जिले में सिर्फ रविवार के दिन सभी संस्थान बंद रहेंगे. यह व्यवस्था तब तक रहेगी जब तक रविवार के महा लॉकडाउन को हटाया नहीं जाता. व्यवस्था जारी रखने के सवाल पर उन्होंने कहा की अग्रिम आदेशों तक जिले में यही व्यवस्था रहेगी.
यानी शनिवार शाम 7:00 बजे से सोमवार सुबह 7:00 बजे तक प्रत्येक सप्ताह प्रतिबंध जारी रहेगा. जिलाधिकारी ने सख्त हिदायत दी है कि किसी भी प्रकार से लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन ना किया जाये.
वर्तमान में यह है कोरोना की स्थिति
जिले में वर्तमान में 337 कोरोना के केस है जिनमें से 257 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं जबकि 80 मरीज अभी संक्रमण से लड़ाई लड़ रहे हैं. पिछले 24 घंटे में 4 नए मामले कोरोना के सामने आए हैं जबकि हॉटस्पॉट की संख्या 12 है.








Add Comment