लखनऊ. देश में शिक्षा व्यवस्था पर आए दिन सवाल खड़े होते रहते हैं. खासकर यूपी बिहार की बोर्ड के परीक्षा के दौरान नकल की चर्चाएं आम रहती हैं. हर साल नकल विहीन परीक्षा की हुंकार सरकार भरती है. इस बार भी योगी सरकार ने तीसरी आंख के जरिए नकल विहीन परीक्षा कराने का दावा किया था. लेकिन उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से वायरल हुई एक वीडियो ने पूरी व्यवस्था की पोल खोल दी. वीडियो में कॉलेज का प्रबंधक छात्रों को सौ का नोट कॉपी में लगाने पर अच्छे नंबर हासिल करने की टिप्स दे रहा है.
क्या कुछ कहा बच्चों से प्रबंधक ने
वायरल हुई वीडियो में मऊ जिले के हरिवंश मेमोरियल इंटर कॉलेज का प्रबंधक छात्र छात्राओं को अलग अलग तरीके से नकल करने की विधि बता रहा है. बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों की उपस्थिति के बीच अनुशासन का पाठ पढ़ाते हुए प्रबंधक बता रहा है कि बिना शोरगुल मचाए कैसे जांच अधिकारी की आंखों में धूल झोंका जा सकता है! प्वाइंट टू प्वाइंट जानिए क्या कुछ मंत्र दिया गुरु जी ने…
- अच्छे मार्क्स लाने के लिए बोर्ड परीक्षा की कॉपी में कुछ भी लिख कर ₹100 का नोट लगा देना, टीचर आंख मूंदकर नम्बर दे देगा.
- बच्चों को आगे पीछे एक दूसरे की उत्तर पुस्तिका देखकर लिख लेना.
- 1-2 नंबर वाला सवाल आपस में मिलाकर लिख लेना लेकिन ज्यादा शोरगुल मत मचाना अनुशासन बनाए रखना.
- यदि जांच अधिकारी तुम्हारा चिट पकड़ ले और थप्पड़ मारे तो बर्दाश्त कर लेना बोलना सर एक थप्पड़ और मार लीजिए अकड़ के उनके सामने नहीं खड़ा होना. उनको लगेगा यहां उद्दंड किस्म के बच्चे हैं तन के खड़े रहोगे तो वह पूरे स्कूल का नुकसान कर देगा.
- कोई भी प्रश्न छोड़ना मत जितना तक हो सके लिखना. स्टेप मार्किंग होता है तो 5-6 नंबर वाले सवाल में तीन नंबर तो गारंटी मिलेगा.
- अरे कोई जांचता थोड़े हैं कि क्या लिखा है. यदि उत्तर गलत भी हुआ तो लिखने का नंबर मिलेगा 10 दिन बचा है परीक्षा में. ठीक से परीक्षा देना.
ज्ञान के बाद प्रबंधक ने माफी मांगी
नहीं! आप गलत समझ रहे हैं वैसे माफी नहीं मांगी है. प्रबंधक महोदय वीडियो के आखिर में छात्र-छात्राओं से माफी मांग रहे हैं और कह रहे हैं कि कभी किसी को मारा-पीटा हो, बस्ता फेंक दिया हो, डाटा हो, तो माफ कर देना. मन में कोई नाराजगी नहीं रखना. मेहनत से धैर्य के साथ परीक्षा देना. हरिवंश मेमोरियल इंटर कॉलेज का नाम रोशन करना. सबको शुभकामनाएं.
जय हिंद जय भारत
जिलाधिकारी ने दिए जांच के आदेश
प्रबंधक के इस वायरल वीडियो से शिक्षा विभाग सकते में है. मऊ जिला के उपायुक्त और शिक्षा अधिकारी से कोई सर जवाब नहीं बन रहा है. वहीं मऊ के जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने घटना का संज्ञान लेते हुए जांच के बाद दोषी पर सख्त कार्रवाई की बात कही है.

Add Comment