लखनऊ. प्रदेश में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं इससे चिंतित प्रदेश सरकार ने बड़ा ऐलान करते हुए बाहर से आने वाले लोगों के लिए 14 दिन का होम क्वॉरेंटाइन अनिवार्य कर दिया है. इसकी जानकारी अपर मुख्य सचिव गृह अविनाश कुमार अवस्थी ने साझा की है.
अपर मुख्य सचिव गृह अविनाश कुमार अवस्थी ने सरकार की मंशा को बताते हुए कहा कि प्रदेश में बाहर से आने वालों को 14 दिन के लिए होम क्वॉरेंटाइन रहना अनिवार्य होगा. सरकार ने इसमें शर्ते जोड़ते हुए कहा है, “जिन लोगों को दूसरे राज्य जाना है या 1 हफ्ते से कम समय यहां रहकर यूपी से दूसरे राज्य जाना है उन लोगों के ऊपर 14 दिन के होम क्वॉरेंटाइन का नियम लागू नहीं होगा”. उन्होंने कहा कि जो लोग ट्रेनों के जरिए बाहर से आ रहे हैं उन्हें कंटेनमेंट जोन में जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
वहीं दूसरी ओर तेजी से बढ़ रहे मामलों की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य विभाग के मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि प्रदेश में बाहरी राज्यों से लौटे प्रवासी श्रमिकों का पता लगाने के लिए सरकार आशा सेविकाओं की मदद ले रही है अभी तक 1000 से अधिक श्रमिक कोरोनावायरस से संक्रमित मिले हैं. उन्होंने कहा पिछले 24 घंटे में संक्रमण के कुल 348 मामले मिले हैं. प्रदेश में 3231 एक्टिव मामले हैं जबकि 5078 मरीज ठीक हो चुके हैं और अपने घर जा चुके हैं वही 223 मरीज ऐसे रहे जिनकी मृत्यु कोरोनावायरस के चलते हुई.
मुख्य सचिव ने बताया की आशा सेविकाओं की मदद से 1168917 मजदूरों का पता लगाया गया है जिनमें से 1036 श्रमिकों में कोरोना वायरस के लक्षण पाए गए.

Add Comment