सहारनपुर. जनपद के छुटमलपुर में आज अचानक यमराज के सड़क पर उतर जाने से लोग हक्के बक्के रह गए. पुलिस के साथ चल रहे यमराज ने लोगों से घर में ही रहने को कहा.
दरअसल, सहारनपुर में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस ने अनोखा तरीका अपनाया और भगवान यम के रूप में एक व्यक्ति को तैयार कर समाज को संदेश दिलवाया. सीओ सदर चंद्रपाल शर्मा के साथ चल रहे यमराज ने लोगों से कहा कि अपनी आदतों में सुधार करो, घरों में रहो, नहीं तो साथ लेकर जाऊंगा. लोग घरों से यम को देख रहे थे. पुलिस के इस तरीके को जमकर सराहा जा रहा है. पुलिस कोरोना के खिलाफ जनता को संदेश देना चाह रही थी और कोरोनावायरस के खतरे से आगाह करना चाह रही थी.
कोविड-19 महामारी के चलते लॉक डाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ थाना फतेहपुर पुलिस ने नई मुहिम के तहत यमराज के साथ कस्बा छुटमलपुर में पैदल गस्त किया. इस मौके पर विभिन्न इलाकों में अनावश्यक घूम रहे लोगों को यमराज ने समझाया और उन्हें हिदायत दी कि अपने घरों में ही रहे, लॉक डाउन का पालन करें. यमराज के साथ कुछ पुलिस कर्मी कोरोना वॉयरस हेलमेट लगाए हुए थे. यमराज के साथ सीओ सदर चंद्रपाल शर्मा, थाना प्रभारी फतेहपुर मनोज चौधरी अपनी में टीम के चल रहे थे. इस दौरान पुलिस ने भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की.

Add Comment