हरियाणा. अपने बयानों से चर्चा में रहने वाली 2014 बैच की हरियाणा कैडर की महिला आईएएस रानी नागर ने एक बार फिर सनसनी पैदा कर दी है. रानी नागर ने 23 अप्रैल को अपने ट्विटर हैंडल से प्रतिष्ठित नौकरी को छोड़कर अपने घर जाने की बात शेयर की है. हरियाणा कैडर की आईएएस अधिकारी रानी नागर ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा है कि कोरोनावायरस के चलते लॉक डाउन के बाद वह अपनी नौकरी से इस्तीफा दे देंगी और अपनी बहन के साथ अपने घर वापस गाजियाबाद चली जाएंगी. रानी नागर के ऐलान के बाद हरियाणा के अफसरों में चर्चा तेज है.
रानी नागर ने गुरुवार को अपने फेसबुक अकाउंट से वीडियो भी पोस्ट की जिसमें इस्तीफे के जिक्र किया. वीडियो में रानी नागर ने अपनी जान को भी खतरा बताया है.
गाज़ियाबाद की रहने वाली हैं रानी
आईएएस रानी नागर मूलतः उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की रहने वाली हैं और हरियाणा के 2014 बैच की आईएएस हैं. वर्तमान में रानी नागर इस समय सामाजिक सुरक्षा विभाग में अतिरिक्त निदेशक के पद पर तैनात हैं.
फेसबुक और ट्विटर के जरिए किये एलान
रानी नागर ने फेसबुक पर वीडियो जारी कर कहा है कि
“मैं यूटी गेस्ट हाउस में किराये पर रहती हूं. मेरी जान को खतरा है. मैंने चंडीगढ़ पुलिस के विरुद्ध एक मामला दर्ज करवा रखा है, यदि मुझे कुछ हो जाता है तो यह वीडियो मेरे केस में फाइल कर दिया जाए.”
रानी नागर ने आगे बताया,
“मैं रानी नागर पुत्री श्री रतन सिंह नागर निवासी गाजियाबाद गांव बादलपुर तहसील दादरी जिला गौतमबुद्धनगर आप सभी को सूचित करना चाहती हूं कि मैंने यह निर्णय लिया है कि मैं आईएएस के पद से इस्तीफा दूंगी. अभी चंडीगढ़ में कर्फ्यू लगा हुआ है इस कारण से मैं और मेरी बहन रीमा नागर चंडीगढ़ से बाहर नहीं निकल सकते. चंडीगढ़ से आगे मार्ग में गाजियाबाद तक रास्ते भी बंद हैं.”
उन्होंने आगे लिखा
“लॉकडाउन और कर्फ्यू खुलने के बाद मैं अपने कार्यालय से इस्तीफा देकर और सरकार से नियमानुसार अनुमति लेकर मैं और मेरी बहन रीमा नागर वापस अपने पैतृक शहर गाजियाबाद आएंगे. हम आपके आशीर्वाद और साथ के आभारी रहेंगे. “
सबसे खास बात यह है कि महिला आईएएस ने नौकरी छोड़कर जाने के पीछे के कारण नही बताये.
पहले भी रही हैं चर्चा में
2014 बैच की आईएएस रानी नागर पहले भी सुर्खियों में फ्ही हैं. पहली बार जून 2018 में हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव लेवल के एक अधिकारी के खिलाफ उत्पीड़न का आरोप लगाकर चर्चा में आयीं थीं. उन्होंने राज्य महिला आयोग के पास शिकायत भी दर्ज करायी थी. उन्होंने अपनी जिंदगी को खतरा बताते हुए पुलिस स्टेशन में शिकायत भी दर्ज करायी थी.
महिला आईएएस अधिकारी के इस एलान के बाद अफसरशाही में चर्चा है. अधिकारी से लेकर प्रशासन तक हैरान हैं. नागर के इस फैसले का पता तो भविष्य के गर्भ में छिपा है लेकिन सवाल और बात पर बवाल के परिणाम जल्द ही मिलेंगे.

Add Comment