SANKALP NEB
लखनऊ. हर बार की तरह इस बार भी अगर आपको फीस बढ़ने की चिंता सता रही है तो निश्चिंत हो जाइए क्योंकि सरकार ने आपके हक़ में अपना फैसला दिया है. सरकार के आदेश के अनुसार इस साल कोई भी स्कूल फीस बढ़ोतरी नहीं कर सकेगा यदि किसी स्कूल में बढ़ी हुई फीस ली है तो वह आने वाले समय में समायोजित हो जाएगी.
इस संबंध में सरकार के निर्देश के अनुपालन में प्रमुख सचिव आराधना शुक्ला ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारी, शिक्षा निदेशक,मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक और समस्त जिला विद्यालय निरीक्षकों को आदेश जारी किए हैं.
प्रमुख सचिव ने सरकार के मंशा के अनुरूप आदेश लिखते हुए कहा है कोविड-19 के संक्रमण के दृष्टिगत लॉक डाउन के कारण कुछ छात्र छात्राओं के अभिभावकों के रोजगार प्रभावित हुए हैं. ऐसे में अभिभावकों द्वारा शुल्क जमा किए जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने पत्र में परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए सभी बोर्डों के सभी विद्यालयों को सत्र 2020- 2021 के लिए शुल्क वृद्धि ना करने के आदेश जारी किए हैं. साथ ही कहा गया है कि 2019- 2020 में नए प्रवेश तथा प्रत्येक कक्षा हेतु लागू की गई शुल्क के अनुसार ही इस साल भी स्कूल शुल्क ले सकेंगे. यदि कोई विद्यालय बढ़े हुए शुल्क ले चुका है तो बढ़ी भी अतिरिक्त शुल्क को आगामी महीनों में समायोजित किया जाएगा.
सरकार के इस निर्णय से अभिभावकों को खासी राहत मिलेगी. गौरतलब है कि कोरोनावायरस के प्रभाव के चलते देश में लॉक डाउन चल रहा है. सभी काम धंधे लोक डाउन के चलते अस्त व्यस्त हैं इसको देखते हुए सरकार ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है.

Add Comment