नई दिल्ली. फ़िल्म स्टार अक्षय कुमार अपनी हैरतअंगेज कारनामों के लिए मशहूर है. एक्शन स्टार अक्षय कुमार अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सुपरस्टार रजनीकांत के पद चिन्हों पर चलने को तैयार हैं. अक्षय कुमार डिस्कवरी चैनल के मशहूर शो ‘मैन वर्सेज वाइल्ड’ में नजर आयेंगे.
मैन वर्सेज वाइल्ड शो के होस्ट बेयर ग्रिल्स और अक्षय शूटिंग के लिए कर्नाटक स्थिति मैसूर में पहुंच गये. उनकी एक तसवीर सामने आई है जिसमें वह मैसूर एयरपोर्ट पर अपनी टीम के साथ नजर आ रहे हैं.
यह शो किसी भी भारतीय के लिए गर्व का विषय माना जाता है. अभी हाल ही में बेयर ग्रिल्स ने रजनीकांत के साथ कर्नाटक के बांदीपुर टाइगर रिजर्व में शूटिंग की थी. समाचार न्यूज एजेंसी एएनआई ने अक्षय कुमार की एक तसवीर पोस्ट की है जिसमें वह गार्ड्स के साथ एयरपोर्ट पर नजर आ रहे हैं. मैसूर में एक स्थानीय प्रकाशन ने दावा किया है कि बेयर ग्रिल्स की टीम ने शूटिंग के लिए एक उपयुक्त स्थान की तलाश के लिए रिजर्व के जंगल में एक दिन बिताया.
यहां यह भी महत्वपूर्ण है कि पूर्व में हुए शूट को लेकर कुछ एक्टिविस्ट रजनीकांत के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. एक्टिविस्ट का कहना है कि शूट के समय जो क्रू मौजूद था उससे जानवरों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा?उन्होंने आशंका व्यक्त की कि क्रू की उपस्थिति जानवरों को खतरे में डाल सकती थी और जंगल में आग लग सकती थी जो शुष्क मौसम में तेजी से फैलता है.
बता दें कि पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस शो में नजर आये थे. पीएम मोदी ने बीयर ग्रील्स की टीम के साथ उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट के जंगलों में शूट किया था. मैन वर्सेस वाइल्ड का ये मोदी स्पेशल एपिसोड 12 अगस्त को प्रसारित किया गया था. जो इतना पॉपुलर हुआ था कि ये दुनिया का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला शो बन गया था. पीएम के इस शो ने टीवी की दुनिया में सबसे ज्यादा देखे जाने वाले शो के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे. अब देखना है कि एक्शन स्टार अक्षय शो के दौरान क्या कमाल कर पाते हैं.



Add Comment