मिली थी जिंदगी औरों के काम आने को
वक्त बीत रहा है कागज के टुकड़े कमाने को
सहारनपुर/उत्तर प्रदेश. उपरोक्त लाइने लालच में कुछ भी कर जाने वालों के लिए हैं फिर वह चाहे किसी का कैरियर ही तबाह करना क्यों ना हो.
जनपद के नांगल थाना क्षेत्र में फर्जीवाड़ा कर छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का मामला प्रकाश में आया है. फर्जी रूप से कक्षाएं संचालित कर छात्राओं का शोषण करने के मामले में थाना पुलिस नें तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, जबकि दो महिलाएं अभी फरार हैं.
गौरतलब है कि सहारनपुर मुजफ्फरनगर मार्ग पर बडूली के निकट महर्षि दयानंद गर्ल्स कॉलेज ऑफ एजुकेशन के नाम से महाविद्यालय संचालित है. इस महाविद्यालय में अध्ययनरत द्वितीय वर्ष की छात्राओं नें कॉलेज प्रबंधन पर बिना मान्यता के फर्जी रूप से कक्षाएं संचालित करने का आरोप लगाया था. छात्राओं ने थाना नांगल पर प्रदर्शन कर अपने करियर के दो साल बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कॉलेज प्रबंधन पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी. प्रदर्शन के बाद पुलिस ने धारा 419, 420, 467, 468, 471, 406 तथा आईपीसी की धारा 34 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था.
मामले की जानकारी देते हुए एसएसआई सुनील सिंह ने बताया कि आरोपी संस्था अध्यक्ष अखिलेश चौहान, प्रबंधक सुनील चौहान व प्रशासनिक अधिकारी अखिलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि संस्था की उपाध्यक्ष अनीता चौहान एवं प्रबंधिका शशिबाला चौहान अभी फरार चल रही है. उन्होंने बताया कि बाकी दो आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.

Add Comment